मण्डलायुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट सहारनपुर का किया गया वार्षिक निरीक्षण

- कार्यालयों में बेहतर साफ-सफाई के साथ ही राजस्व वादों को समय से करें निस्तारण
सहारनपुर [24CN]। मण्डलायुक्त श्री लोकेश एम. द्वारा कलेक्ट्रेट सहारनपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा कलेक्ट्रेट के समस्त पटलों पर जाकर, पटल सहायकों से जानकारी प्राप्त की गयी।
कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये गये कि कलेक्ट्रेट के समस्त पटल सहायकों के टेबल पर कार्य विभाजन का आदेश उपलब्ध होना, कार्यालय की प्रत्येक अलमारियों पर पत्रावलियों/अभिलेखों का विवरण अंकित किया जाना, सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत रजिस्टर एवं पत्रावलियों को अद्यतन रखना, रिकार्ड रूम के रख-रखाव, सफाई व्यवस्था एवं अभिलेखों के सुरक्षित रखने के लिए नियमित कीटनाशक घोल का छिडकाव आदि की व्यवस्था रखना तथा स्थानीय निकाय लिपिक को जनपद की समस्त नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में शासन द्वारा उपलब्ध धनराशि का शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया तथा राजस्व न्यायालयों में पांच वर्ष से अधिक के लम्बित 115 राजस्व वादों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हेतु निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट श्री विवेक चतुर्वेदी, समस्त उप जिलाधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तथा कलेक्ट्रेट के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित थे।