अन्नादाता किसानों का नहीं किया जाएगा शोषण बर्दाश्त: वर्मा
- सहारनपुर में मिरगपुर में किसानों की बैठक को सम्बोधित करते भाकियू के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा।
सहारनपुर [24CN]। भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत में अन्नदाता किसानों की घोर उपेक्षा की जा रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 14 जुलाई को देवबंद से किसानों की लड़ाई शुरू की जाएगी जिसे आखिरी दम तक लडऩे का काम किया जाएगा।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व किसान नेता भगतसिंह वर्मा गांव मिरगपुर में आयोजित किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में वायदा किया था कि हम किसानों को कृषि कार्य के लिए नि:शुल्क बिजली देंगे तथा विद्युत दरें आधी करेंगे। अब अपने घोषणा पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की बिजली नि:शुल्क करें तथा जनता को आधी दरों पर बिजली दें।
उन्होंने कहा कि चीनी मिलें लम्बे समय से किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान व ब्याज का भुगतान नहीं दे रही हैं तथा किसानों को गन्ने का मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल भी नहीं दिला पा रही है। उन्होंने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कराने, चीनी मिलों से किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के भीतर दिलाने, विगत वर्षों में देरी से किए गए गन्ना मूल्य भुगतान पर लगा ब्याज किसानों को दिलाने, गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल कराने, मनरेगा योजना को सीधे कृषि से जोडऩे, विद्युत दरें आधी कराने, किसानों को नि:शुल्क बिजली दिलों तथा अग्निपथ योजना को रद्द कराने जैसी समस्याओं को लेकर आगामी 14 जुलाई को देवबंद से आंदोलन का बिगुल बजाने का काम किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश सचिव ऋषिपाल गुर्जर ने कहा कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा शक्ति एकजुट होकर आगामी 14 जुलाई को भारी संख्या में देवबंद पहुंचें। बैठक का संचालन नरेंद्र सिंह गुर्जर ने किया। बैठक में चौ. कटार सिंह पंवार, चौ. महकार सिंह, स. जगदीश सिंह, नीरपाल गुर्जर, संदीप पंवार, विशाल पंवार, वरिष्ठ पंवार, शिवकुमार पंवार, पिंकू चौधरी, रविंद्र गुर्जर, बिट्टू चौधरी आदि सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।
