अनिल त्यागी ने दिया प्रदेश उपाध्यक्ष पद से त्यागपत्र
सहारनपुर [24CN]। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल त्यागी ने प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग की नीतियों से क्षुब्ध होकर संगठन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल त्यागी ने जारी एक बयान में कहा कि वह सहारनपुर जिले के तीन बार अध्यक्ष रहे हैं। वर्तमान में भी प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने पुन: ऐसे व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बना दिया है जो संगठन को एकजुट रखने में नाकाम रहा है और उसमें नेतृत्व करने की क्षमता भी नहीं है। इतना सबकुछ देखते और समझते हुए भी प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने पुन: ऐसे व्यक्ति को मनोनीत कर दिया है जिस कारण उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से अपना त्याग पत्र दे दिया है। उनका अब व्यापार मंडल से कोई ताल्लुक नहीं रहा है।