साथी की मौत पर गुस्साए सफाई कर्मियों ने किया नगर निगम कार्यालय पर हंगामा व प्रदर्शन

साथी की मौत पर गुस्साए सफाई कर्मियों ने किया नगर निगम कार्यालय पर हंगामा व प्रदर्शन
  • सहारनपुर में नगर निगम में सफाई कर्मचारियों से वार्ता करते अधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी की कांवड़ यात्रा में ड्यूटी के दौरान एचटी लाईन की चपेट में आने के कारण झुलसने से आज उपचार के दौरान मौत हो गई। सफाई कर्मचारी की मौत से गुस्साए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने निगम कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मृतक सफाई कर्मचारी के परिजनों को 10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

गौरतलब है कि नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मचारी वीरसिंह पुत्र कंवलजीत विगत 23 जुलाई को कांवड़ यात्रा में ड्यूटी के दौरान 11 हजार एचटी लाईन की चपेट में आकर झुलस गया था जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था परंतु सफाई कर्मचारी हालत गम्भीर होने के चलते उसे दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान विगत दिवस वीरसिंह की मौत हो गई। आज जैसे ही मृतक वीरसिंह का शव सहारनपुर पहुंचा तो सफाई कर्मचारियों ने उसके शव को नगर निगम कार्यालय पर रखकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

आक्रोशित सफाई कर्मचारियो का कहना था कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। मृत्यु के बाद उसके परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने मृतक के परिवार को 10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की मांग की ताकि वीरसिंह के परिवार की गुजर-बसर हो सके।

प्रदर्शनकारियों में जिला वाल्मीकि सभा के जिलाध्यक्ष विनोद घावरी, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनी आजाद, बृजमोहन चनालिया, अविनाश बिरला, चेतन चनियाने, आशु बिरला, अमित गौहर, राजकुमार बिरला, रघुवीर चंदेल, राजकमल, महेंद्र वैद्य, प्रवीण सौदाई, राकेश कल्याण, विश्वास प्रधान समेत भारी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।