शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में छात्र एवं छात्राओं के लिए फिल्म “गोदान” देखने के लिए एक शैक्षिक यात्रा का आयोजन किया गया
गंगोह [24CN] : शोभित विश्वविद्यालय गंगोह में दिनांक 12-02-2026 को विश्वविद्यालय की ओर से छात्र एवं छात्राओं के लिए सहारनपुर में स्थित ग्रैंड सिनेमाज़ में फिल्म “गोदान” देखने के लिए एक शैक्षिक यात्रा का आयोजन किया गया। इस शैक्षिक यात्रा में फिल्म “गोदान” दिखाने का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और मूल्यों में निहित सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना था, साथ ही विद्यार्थियों को साहित्य, समाज और नैतिक दृष्टिकोणों की समझ को सार्थक शिक्षण का अवसर मिला। इस प्रकार के शिक्षण अनुभव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में प्रतिपादित समग्र विकास की अवधारणा के अनुरूप हैं, जो विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक और नैतिक विकास को सुदृढ़ करने पर बल देती है।

इस शैक्षिक यात्रा का शुभारंभ शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने सभी छात्र एवं छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए किया और कहा कि ऐसी यात्राएं विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों की गहन समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करती है। शैक्षिक यात्रा पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह की ओर से लगभग 150 छात्र एवं यात्रा के संयोजक प्रो.(डॉ.) प्रशांत कुमार सहित 5 अध्यापक शामिल रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने सभी शिक्षकों, छात्र एवं छात्राओं का भव्य स्वागत करते हुए पटका पहनाया।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह एवं कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह, ने शैक्षिक यात्रा के आयोजकों को अनेक शुभकामनाएं दी। कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि इस शैक्षिक यात्रा से छात्रों को जीवन में मानवीय मूल्यों को अपनाते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस शैक्षिक यात्रा में डॉ. मयंक यादव, राजीव उपाध्याय ‘यायावर’, सागर कुमार, प्रदीप कुमार शिक्षकगण उपस्थित रहे।
