ममता बनर्जी के गढ़ में अमित शाह की हुंकार; बोले- दीदी की विदाई तय, 15 दिन बंगाल में ही रहूंगा
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ व गृह क्षेत्र कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुंकार भरते हुए कहा कि पूरा बंगाल ममता की विदाई करने के लिए तैयार है।
भवानीपुर से ममता के खिलाफ भाजपा की तरफ से चुनावी मैदान में उतरे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले सीएम के घर से कुछ दूरी पर स्थित हाजरा मोड़ से शुरू हुए रोड शो से पूर्व लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भ्रष्ट टीएससी सरकार की विदाई तय है। पांच मई को भाजपा सरकार बनेगी।
पूरे बंगाल में परिवर्तन हो जाएगा
शाह ने अपने अंदाज में कहा कि भवानीपुर वालों पूरे बंगाल में परिवर्तन करना अब आपके हाथ में है। मेरे पास एक शॉर्टकट है, अगर भवानीपुर वाले एक ही सीट जीता दे तो पूरे बंगाल में अपने आप परिवर्तन हो जाएगा।
शाह ने कहा कि सुवेंदु दा नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे। मैंने सुवेंदु दा से कहा था कि केवल नंदीग्राम ही नहीं बल्कि ममता बनर्जी के घर में जाकर उन्हें हराना है।
बंगाल हारेंगी ममता बनर्जी
शाह ने कहा कि ममता बनर्जी पिछली बार 2021 में बंगाल में सरकार तो बना पाई थीं लेकिन नंदीग्राम में वह सुवेंदु अधिकारी के सामने चुनाव हार गई थी। इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में भी हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी।
शाह ने यह भी कहा कि इस बार चुनाव के दौरान मैं 15 दिन बंगाल में रहूंगा। शाह के नेतृत्व में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विशाल रोड शो दोपहर 12 बजे शुरू हुआ, जो करीब दो किलोमीटर दूर सर्वे बिल्डिंग के पास समाप्त होगा। जहां शाह की उपस्थिति में सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
रोड शो में शाह के साथ सुवेंदु अधिकारी के अलावा चौरंगी सीट से भाजपा प्रत्याशी संतोष पाठक, रासबिहारी से प्रत्याशी स्वप्न दासगुप्ता के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य व अन्य वरिष्ठ नेता वाहन पर सवार हैं। शाह के रोड शो में लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भगवा झंडा लिए भाजपा समर्थक जय श्री राम का नारा बुलंद कर रहे हैं, जिससे पूरा इलाका भगवामय नजर आ रहा है।
‘ममता बनर्जी को बाय-बाय, टाटा कर दो’
शाह ने आगे कहा कि पूरे बंगाल में हर जगह पर एक ही आवाज है, इस सरकार को बदल दो। ममता बनर्जी को बाय-बाय, टाटा कर दो।
मैं आज बंगाल की पूरी जनता, जो तोलाबाजी (रंगदारी) से त्रस्त है, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की गुंडई से त्रस्त है, महिलाओं की असुरक्षा के त्रस्त है, बिना रोकटोक घुसपैठ करके बंगाल की जनसांख्यिकी बदल रही है, इससे त्रस्त है।
आए दिन बम धमाके, गोलीबारी से त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से त्रस्त है और भ्रष्टाचार का इतना रिकार्ड ममता बनर्जी ने जो बनाया है, इससे भी त्रस्त है। पूरे बंगाल की जनता मांग कर रही है कि महान बंगाल के अंदर अब परिवर्तन होना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार बननी चाहिए। शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह से सील करके बंगाल और देश भर से घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकाला जाएगा।
