नई दिल्ली: केरल के तिरुअनंतपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज होगी। इसमें नदियों के जल के बंटवारे, तटीय सुरक्षा, आपसी समन्वय और साझा हितों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और केंद्र शासित पुडुचेरी शामिल हैं।
कई मुद्दों को लेकर चर्चा
गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों के साथ केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। वर्तमान केंद्र सरकार देश में सहकारी और प्रतिस्पर्धी संघवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिषदों की नियमित रूप से बैठकें करती रही है। देश में पांच क्षेत्रीय परिषदें हैं जिनकी स्थापना 1957 में राज्य पुनर्गठन अधिनियम के तहत की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्री इन क्षेत्रीय परिषदों का अध्यक्ष होते हैं और मेजबान राज्य के मुख्यमंत्री (हर साल रोटेशन द्वारा चुने जाने वाले) उपाध्यक्ष होते हैं।
दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के साथ अन्य दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री शामिल होंगे इनमें तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना शामिल हैं। साथ ही दक्षिणी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल बैठक में भाग लेंगे। साथ ही बताया जा रहा है की बैठक में शामिल होने वालों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम केरल में सप्ताह भर चलने वाले ओणम समारोह का हिस्सा होगा। केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्रियों को 4 सितंबर को अलाप्पुझा में होने वाली नेहरू ट्रॉफी बोट रेस देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।
समर्थकों ने उत्साह के साथ किया स्वागत
तिरुअनंतपुरम पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की एक बड़ी भीड़ ने शाह का स्वागत किया। सभी हवाई अड्डे के बाहर पार्टी के झंडे पकड़े बारिश के बीच खड़े हुए थे। अमित शाह ने हवाई अड्डे से बाहर आने के बाद खुली जीप से ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने वाले अपने समर्थकों का अभिवादन किया।