यूपी में फॉर्म 7 पर मची सियासी रार के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ का पलटवार, पूछा- इस पर चिल्लाहट क्यों?

यूपी में फॉर्म 7 पर मची सियासी रार के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ का पलटवार, पूछा- इस पर चिल्लाहट क्यों?

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश में जारी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के बीच समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने फॉर्म 7 के दुरुपयोग का दावा किया है. अब इस पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद् में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है.

कांग्रेस का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने पूछा कि आखिर इसमें इतनी चिल्लाहट क्यों मच रही है. उन्होंने कहा कि सपा को कांग्रेस से सबक लेना चाहिए. आज विधान परिषद् में कांग्रेस का एक भी सदस्य नहीं है. अगर यही स्थिति रही तो सपा भी यहां शून्य हो जाएगी.

सीएम योगी ने कहा कि विपक्षी दल हमारे संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार करने से नहीं चूक रहे. वर्तमान में प्रदेश में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का पुनरीक्षण चल रहा है. इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं होती. आयोग जो गाइडलाइन जारी करता है उसके अनुसार तंत्र उसका पालन करता है लेकिन सरकार उसका हिस्सा नहीं होती.

सीएम ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में 2 करोड़ लोग 88 लाख से अधिक लोग या तो अनुपस्थित पाए गए या मृत पाए गए या फिर शिफ्ट हो गए. हमें आश्चर्य होता है कि सपा इनको अपना वोट बैंक बनाकर फर्जी वोटिंग कराती है. इसीलिए चिल्ला रही है कि फॉर्म 7 के नाम पर फर्जी काम हो रहा है.

सीएम योगी ने कांग्रेस का नाम लेकर कसा सपा पर तंज

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक व्यवस्था बनाई है. तीन प्रकार के फॉर्म दिए गए हैं.जिसमें फॉर्म, 6,7 और 8. फॉर्म 6 में आपको मतदाता होने का प्रमाण या नाम जुड़वाने के लिए देना होता है. फॉर्म 7 में अगर किसी का नाम कटवाना है तो उसका इस्तेमाल होता है. अगर कोई व्यक्ति भौतिक रूप से उपस्थित हो जाता है तो वह फॉर्म स्वतः निरस्त हो जाता है. मैं नहीं समझता कि आखिर इस पर इतनी चिल्लाहट क्यों हो रही है? आरोप प्रत्यारोप क्यों लग रहे हैं. यह नहीं हो सकता है कि हम अपने अनुरूप संवैधानिक संस्थाओं की परिभाषा गढ़ें.

सीएम ने इस दौरान कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा कि मैं सपा से कहूंगा कि वह कम से कम कांग्रेस से सबक लें. विधान परिषद् तो कांग्रेस विहीन हो गया है. अगर आपको यहां और विधानसभा में सपा विहीन बनना है तो इस तरह के अनर्गल प्रलाप करते रहिए.


Leave a Reply