सहारनपुर: चीन के रास्ते अभी तक लौटे 50 लोग, सभी सुरक्षित, 14 दिन की विशेेष निगरानी में रख जाएंगे
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चीन या चीन के रास्ते जनपद में अभी तक 50 लोग लौटे हैं और सभी सुरक्षित हैं। इनमें से दो लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए दिल्ली भेजे गए थे, जिनमें से एक की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि दूसरे की रिपोर्ट का इंतजार है। शनिवार को भी लखनऊ से प्रदेश भर के 18 लोगों की लिस्ट जारी की गई है। इनमें सहारनपुर के कितने हैं या नहीं हैं इसकी जांच की जा रही है।
नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया सहारनपुर में 41 लोग पहले आए थे, जिनका 28 दिन का सर्वेक्षण पूर्ण हो चुका है और सभी स्वस्थ हैं। नौ लोग बाद में आए। इनमें से सात लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं, मगर फिर भी हम उनका 28 दिन का सर्वेक्षण कर रहे हैं।
दो लोगों के नमूने जांच के लिए दिल्ली भेजे गए थे, जिनमें से एक की रिपोर्ट निगेटिव आई है और दूसरे की रिपोर्ट आने का इंतजार है। हालांकि दूसरा व्यक्ति भी पूरी तरह स्वस्थ है। शनिवार को भी लखनऊ से 18 लोगों की लिस्ट जारी की गई है। इनमें प्रदेश भर के लोग शामिल हैं।
चिकित्सा विभाग पता करा रहा है कि इनमें कोई सहारनपुर का व्यक्ति तो नहीं है। विभाग की ओर से डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। बर्न वार्ड के साथ आठ बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। जिसके साथ टॉयलेट अटैच है।