मेरठ: कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रोका गया यातायात शनिवार रात 12 बजे से पहले की तरह सुचारू हो जाएगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे और दिल्ली-दून हाईवे को भी पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। इसके अलावा शहर के अंदर की यातायात व्यवस्था शनिवार शाम से बहाल कर दी जाएगी। यानी 16 जुलाई की सुबह तक सड़कों पर भारी वाहनों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।

पिछले कई दिनों से भारी वाहन एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर साइड में खड़े हुए हैं, जो कांवड़ यात्रा की वजह से रोक दिए गए थे। यातायात पुलिस की तरफ से कांवड़ यात्रा के मद्देनजर चार जुलाई से दिल्ली हाईवे समेत कई मार्गों पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया था।

शनिवार रात साढ़े आठ बजे जलाभिषेक है, ऐसे में रात 12 बजे से यातायात सभी मार्गों पर सुचारू कर दिया जाएगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का संचालन होगा। उसके बाद दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। क्योंकि फिलहाल दिल्ली हाईवे पर हल्के वाहनों का संचालन एक लाइन में हो रहा है। हापुड़ और गढ़ रोड पर भी भारी वाहनों का संचालन शनिवार की रात 12 बजे से ही कर दिया जाएगा।

शहर के अंदर दिल्ली रोड, हापुड़ रोड और गढ़ रोड, तथा रुड़की रोड़ को अन्य वाहनों के लिए खोल दिए जाएगा। शनिवार की रात से ही शहर के अंदर बंद हुए कट खोलने के आदेश भी नगर निगम को कर दिए हैं। ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।

जलाभिषेक करने वालों को शहर के अंदर नहीं रोका जाएगा बाबा औघड़नाथ मंदिर समेत किसी भी मंदिर में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं को शनिवार की सुबह से ही रोका नहीं जाएगा। यानी सुबह से ही लोग अपने घरों से निकलकर किसी भी मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकते हैं।

एसपी यातायात, जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि-

शनिवार की सुबह से ही जल चढ़ना शुरू हो जाएगा। जलाभिषेक कर कांवड़ियों के घर पहुंचने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पुराने ढर्रे पर लौट जाएगी। एक्सप्रेस-वे, एनएच 58, एनएच 24 पर पहले की तरह वाहनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।