जनाकांक्षाओं के अनुरूप कराया जाएगा महानगर का सर्वांगीण विकास: अजय

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास व सबका प्रयास की भावना के आधार पर सर्वसमाज के कल्याण के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि वह नगर निगम में महापौर निर्वाचित होने पर प्राथमिकता के आधार पर जनाकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य कराने का काम करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह आज यहां दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा को जनता को भरपूर समर्थन मिल रहा है उसके बल पर भाजपा महापौर सहित नगर निगम में पार्षद पदों पर अपनी विजय का परचम लहराने का काम करेगी। कैराना लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हर वर्ग, जाति व धर्म के लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है जिसके बल पर भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत दर्ज कराने का काम करेगी।

गंगोह विधायक चौ. कीरत सिंह व पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा ने भी गुर्जर समाज समेत सर्वसमाज के लोगों से भाजपा प्रत्याशी डा. अजय कुमार सिंह को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौ. राजपाल सिंह, डीसीडीएफ के पूर्व सभापति अभय चौधरी, पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी, चौ. आत्मा सिंह, किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य पदम सिंह ढायकी, नकुड़ ब्लाक प्रमुख डा. सुभाष चौधरी, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष राजकुमार पंवार, पूर्व ब्लाक प्रमुख चौ. करणसिंह समेत भारी संख्या में गुर्जर समाज के गणमान्य लोग व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।