सहारनपुर मंडल का सर्वांगीण विकास कराना ही प्राथमिकता: आरिफ

सहारनपुर [24CN]। सहारनपुर- मुजफ्फरनगर स्थानीय प्राधिकारी सीट के सपा प्रत्याशी मौहम्मद आरिफ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सहारनपुर मंडल के स्थानीय निकायों के सदस्यों की समस्याओं का समाधान कराना है क्योंकि क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत व नगर निकायों के सदस्यों की उपेक्षा की जा रही है।
सपा प्रत्याशी मौहम्मद आरिफ कलक्ट्रेट परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर मंडल की 16 विधानसभा सीटों में से सपा-रालोद गठबंधन ने नौ सीटों पर अपना परचम लहराया है तथा जिन सीटों पर सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों को हार मिली है, वह भी बहुत कम अंतर से चुनाव हारे हैं। इससे साबित होता है कि प्रदेश की जनता का पूरा समर्थन सपा-रालोद गठबंधन को है जिसके दम पर सपा-रालोद गठबंधन विधान परिषद चुनाव में अपना परचम लहराएगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनाव में धांधली की है। यदि विधान परिषद चुनाव में भी भाजपा ने धांधली की तो सपा- रालोद गठबंधन चुप नहीं बैठेगा तथा भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने का काम करेगा। इस दौरान भारी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।