सर्वदलीय संघर्ष समिति ने की बेरहमी से पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सर्वदलीय संघर्ष समिति ने की बेरहमी से पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
  • सहारनपुर में सर्वदलीय संघर्ष समिति की बैठक को सम्बोधित करते अध्यक्ष व पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर।

सहारनपुर [24CN]। सर्वदलीय संघर्ष समिति की बैठक में शांति के माहौल में जुमे की नमाज अता होने पर जिले की जनता का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह भाईचारे का माहौल बनाए रखने का आह्वान किया गया।

सर्वदलीय संघर्ष समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष व पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कुछ सिरफिरे लोगों की अफवाहों पर समाज को ध्यान देने की जरूरत नहीं है। कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, परंतु इस कार्रवाई की आड़ में निर्दोष लोगों का भी उत्पीडऩ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विगत सप्ताह जुमे के दिन हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमों में बहुत सारे बेगुनाह जेल भेज दिए गए हैं। जिन लोगों ने जामा मस्जिद में जुमे की नमाज भी नहीं पढ़ी और प्रदर्शन में शामिल भी नहीं हुए, ऐसे बेगुनाह लोगों को रास्ते से पकड़कर जेल भेज दिया गया तथा एक ही घर के कई लोगों को जेल भेजा गया है जो इस प्रदर्शन में शामिल ही नहीं हुए।

वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस कस्टडी में जिस बेरहमी से लोगों की पिटाई की गई, कोई कानून इसकी अनुमति नहीं देता। उन्होंने इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की न्यायिक जांच कराकर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर बेगुनाहों को न्याय नहीं मिलता और पुलिस प्रशासन सरकार के दबाव में दर्ज मुकदमों में गलत तरीके से लगाई गई धाराओं के मामले की नए सिरे से जांच नहीं करता तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी ताकि बेगुनाह लोगों को न्याय मिल सके।

बैठक में सांसद हाजी फजलुर्रहमान, पूर्व विधायक संजय गर्ग, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व विधायक इमरान मसूद, पूर्व मंत्री सरफराज खान, सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन, मजाहिर हसन राणा, लियाकत अली एडवोकेट, योगेश दहिया, महेंद्र तनेजा, रागिब अंजुम, चौ. मुजफ्फर अली, राव कैसर सलीम, चौ. नीरपाल, रजनीश चौहान, फरहाद गाड़ा, साहिल खान, चौ. अब्दुल गफूर, प्रवीण बांदूखेड़ी आदि मौजूद रहे।