सर्वदलीय पार्षदों ने नगर निगम में दिया धरना, जीआई सर्वे निरस्त करने की उठी मांग

- सहारनपुर में नगर निगम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करते पार्षदगण।
सहारनपुर। नगर निगम द्वारा किए जा रहे जीआई सर्वे के खिलाफ आज नगर निगम कार्यालय परिसर में सर्वदलीय मजबूत पार्षद दल ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आम नागरिक और व्यापारी भी शामिल हुए, जिन्होंने जीआई सर्वे के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं और टैक्स के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली पर गहरा रोष जताया। विधानसभा प्रभारी और पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि जीआई सर्वे के नाम पर नगर निगम का टैक्स विभाग खुलकर भ्रष्टाचार कर रहा है।
सर्वे के आधार पर भेजे जा रहे नोटिस सीधे तौर पर आर्थिक शोषण के समान हैं, जिससे सहारनपुर का आम जनमानस बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर आंख मूंदे हुए हैं और जनता का लगातार शोषण हो रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने के दौरान पार्षद फहाद सलीम और हाजी गुलशेर ने जीआई सर्वे को काला टैक्स कानून करार देते हुए कहा कि यह सर्वे पूरी तरह से निराधार और जनता पर थोपा गया अन्याय है। उन्होंने कहा कि टैक्स विभाग के कुछ कर्मचारी जनता को डराकर अवैध रूप से पैसे लेकर टैक्स कम करने का झांसा दे रहे हैं, जो गंभीर भ्रष्टाचार का संकेत है। सभी पार्षदों ने मिलकर जीआई सर्वे को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए अपर नगर आयुक्त और कर अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो सहारनपुर नगर में एक बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद डॉक्टर एहतेशाम, अहमद मलिक, मोहतसीन, मोहर्रम अली पप्पू, नूर आलम, नदीम अंसारी, फराज अंसारी, बसपा पार्षद नितिन जाटव, स्वराज, अब्दुल खालिक, इमरान सैफी, हाजी फजलुरहमान, परवेज मलिक, भूरा मलिक, कलीम मलिक, बीजेपी पार्षद राजीव अन्नू सहित कई पार्षद और नागरिक मौजूद रहे।