‘मराठा आरक्षण पर सभी दल सहमत, थोड़ा वक्त लगेगा’, सर्वदलीय बैठक के बाद बोले CM शिंदे
![‘मराठा आरक्षण पर सभी दल सहमत, थोड़ा वक्त लगेगा’, सर्वदलीय बैठक के बाद बोले CM शिंदे](https://24city.news/wp-content/uploads/2023/11/01_11_2023-maharashtra_1_23570239_11442936.webp)
मुंबई : महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस दौरान प्रदर्शन किए जा रहे हैं। नांदेड़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण कोकाटे मंगलवार शाम मराठा आरक्षण की मांग के समर्थकों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान पथराव में घायल हो गए। इसकी जानकारी एक अधिकारी ने दी।
शिंदे से सभी से किया शांति बनाने का अनुरोध
मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, …मैं मनोज जारांगे पाटिल से अनुरोध करता हूं कि वे सरकार के प्रयासों पर भरोसा रखें…यह विरोध एक नई दिशा लेने लगा है। आम लोगों को असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। मैं सभी से शांति बनाए रखने और राज्य सरकार के साथ सहयोग करने का अनुरोध करता हूं…
मनोज जारांगे खत्म करेंगे अपना अनशन
मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक में पारित हुए प्रस्ताव के बाद कार्यकर्ता मनोज जारांगे से अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने को कहा गया है।
मराठा आरक्षण को लेकर चल रहा काम- शिंदे
सर्वदलीय बैठक को लेकर महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि आरक्षण देने को लेकर थोड़ा समय दिया जाए। मराठा समाज को आरक्षण देना अहम मुद्दा है। मराठा आरक्षण देने को लेकर सभी दल सहमत हैं और इसके लिए तेजी से काम चल रहा है लेकिन सभी को इसे समझना होगा।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दल मराठा आरक्षण देने पर राज्य सरकार के साथ खड़े हैं।
नागपुर में फड़णवीस के आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर राज्य के कुछ हिस्सों में चल रहे आंदोलन के मद्देनजर पुलिस ने नागपुर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार शाम को धरमपेठ इलाके के त्रिकोनी पार्क में फड़णवीस के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
अधिकारी ने कहा, उन्होंने आदेश दिया कि मराठा आरक्षण आंदोलन के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी जाए। बता दें कि नागपुर बीजेपी नेता फड़णवीस का गृहनगर है।
विशेष विधानसभा सत्र की मांग
मराठा आरक्षण को लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। आज मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में जमकर हंगामा देखने को मिला। इस दौरान मराठा समुदाय को आरक्षण की मांग के समर्थन में विभिन्न दलों के विधायकों के एक समूह ने महाराष्ट्र सचिवालय ‘मंत्रालय’ के पास विरोध प्रदर्शन किया।
अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा समूह, शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस के प्रदर्शनकारी विधायक सचिवालय भवन की सीढ़ियों पर हाथों में समर्थन के लिए लिखे गए संदेश लेकर बैठ गए।
पुलिस ने बताया कि कुछ विधायकों ने यह कहते हुए मंत्रालय के गेट पर ताला लगाने की कोशिश की कि जब तक मराठा समुदाय को आरक्षण नहीं मिल जाता, वे प्रशासन को काम नहीं करने देंगे।
शिंदे ने की सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान बैठक में डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस, सीएम एकनाथ शिंदे, NCP प्रमुख शरद पवार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
शिंदे सर्वदलीय बैठक के लिए पहुंचे गेस्ट हाउस
मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई के शैयाद्री गेस्ट हाउस पहुंचे।
मराठा आरक्षण समर्थकों ने मराठा आरक्षण मुद्दे पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और नारे लगाए।