सीएम योगी की मैग्लेव ट्रेन यात्रा पर अखिलेश यादव का तंज, दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई जापान लेकर गए

सीएम योगी की मैग्लेव ट्रेन यात्रा पर अखिलेश यादव का तंज, दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई जापान लेकर गए

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा को लेकर तंज कसा है. सीएम योगी ने 26 फरवरी, गुरुवार को जापान के मैग्लेव ट्रेन में यात्रा की. इसी संदर्भ में अखिलेश यादव ने भारत में बुलेट ट्रेन की निर्माणाधीन अवस्था का जिक्र करते हुए तंज कसा.

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा माना इंडिया में बुलेट ट्रेन आने की स्पीड कछुए की चाल जैसी है, लेकिन दिल्ली-लखनऊ की आपसी खींचातानी का मतलब ये नहीं कि कोई विदेश की धरती पर जाकर, इस बात पर उंगली उठाए. भाजपाई आपस के झगड़े को विश्व मंच पर न ले जाएं. दो अलग दिशा में गये हुए लोग वास्तव में भी अलग-अलग दिशा में ही जाते हैं.

सीएम योगी ने मैग्लेव यात्रा पर क्या कहा?

उधर, सीएम योगी ने मैग्लेव ट्रेन की यात्रा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वे 501 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफर कर रहे थे. उन्होंने जापान के यामानाशी में एडवांस्ड SCMAGLEV ट्रेन का अनुभव किया. यह नई पीढ़ी की हाई स्पीड ट्रेन है, जो 500 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती है और साफ, तेज और आधुनिक परिवहन व्यवस्था का उदाहरण है.

उन्होंने लिखा कि इतनी ज्यादा रफ्तार के बावजूद यात्रा काफी स्मूद और स्थिर रही. यह जापान की उन्नत तकनीक और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. सीएम ने लिखा कि जब तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ती है, तो भविष्य और भी करीब महसूस होने लगता है.


Leave a Reply