अखिलेश यादव की पीसी में गूंजा ‘हम इंतजार करेंगे कयामत तक’, CM योगी के बयान पर सियासी तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘कयामत’ वाले बयान पर अनोखे अंदाज में पलटवार किया. इस बयान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस (पीसी) में सपा की तरफ से सीधा बयान देने की बजाय फिल्म ‘बहू बेगम’ का मशहूर गीत ‘हम इंतजार करेंगे कयामत तक’ बजाया गया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंच पर एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर इस गाने का वीडियो लगातार चल रहा था. पीसी में मौजूद सपा नेता और कार्यकर्ता ध्यान से स्क्रीन पर चल रहे गीत को देख रहे थे. इस दृश्य ने साफ संकेत दिया कि सपा सीएम योगी के बयान का जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि एक संदेश के रूप में देना चाहती है. यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया और लोग इसे सियासी तंज के रूप में देख रहे हैं.
गाना बजाकर विपक्ष ने सीएम को दी तीखी प्रतिक्रिया
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अपने एक बयान में ‘कयामत’ शब्द का इस्तेमाल किया था. जिस पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. अखिलेश यादव ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, लेकिन सीधे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने की बजाय नया अंदाज अपनाया. ‘हम इंतजार करेंगे कयामत तक’ गीत के जरिए सपा ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे सरकार के बयानों और नीतियों का लंबे समय तक जवाब देने और संघर्ष करने के लिए तैयार हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह तरीका जनता का ध्यान खींचने और अपनी बात को सरल लेकिन प्रभावी तरीके से रखने का प्रयास है. अखिलेश यादव अक्सर राजनीतिक संदेश देने के लिए अलग-अलग अंदाज अपनाते रहे हैं और यह भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. इस पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया सियासी संदेश दिया है. जहां विरोध अब सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रतीकों और सांस्कृतिक संदर्भों के जरिए भी किया जा रहा है.
साफ शब्दों में सीएम योगी बोले, कयामत कभी नहीं आएगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान में साफ शब्दों में कहा कि ‘कयामत कभी नहीं आएगी.’ उन्होंने कहा कि जो लोग बाबरी ढांचे को लेकर पुराने सपने देख रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि ‘कयामत तक भी वह दिन कभी नहीं आने वाला.’ सीएम योगी ने आगे कहा कि कयामत के इंतजार में मत जियो. हिंदुस्तान में कायदे और कानून से रहोगे तो फायदे में रहोगे. लेकिन अगर कोई नियम तोड़ता है, तो रास्ता उसे सीधे नर्क की ओर ले जाएगा. कानून तोड़कर अगर कोई स्वर्ग जाने का सपना देख रहा है, तो उसका सपना कभी पूरा नहीं हो सकता है. अपने बयान के जरिए मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि देश में कानून सर्वोपरि है और जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज में शांति, व्यवस्था और विकास के लिए कानून का पालन ही एकमात्र रास्ता है.
