
अखिलेश यादव ने बीजेपी को बताया किसान ‘विरोधी’, बोले-‘बिचौलियों वाली है भाजपाई सोच’
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर किसानों के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर बड़ा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट के जरिये कुछ सवाल भी पूछे हैं. अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि किसानों को नुकसान पहुंचाकर, हमारे देश में कोई भी सरकार नहीं चल सकती है.
सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट के जरिये पूछा, “जब सब कुछ विदेश से आयेगा, तो किसान क्या उगाएगा? क्या बेच पाएगा? क्या कमाएगा? कैसे अपना घर बनाएगा-चलाएगा? कैसे बच्चों को पढ़ाएगा? कैसे घर के बुजुर्गों का इलाज करवाएगा? कैसे बेटियों को हँसी-ख़ुशी विदा कर पाएगा? कैसे अपने भविष्य के लिए दो पैसे जमा कर पाएगा? मतलब आज क्या खाएगा, कल के लिए क्या बचा पाएगा?”
‘विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण की क्या मजबूरी’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट के द्वारा कहा कि, “किसानों को नुकसान पहुंचाकर, हमारे देश में कोई भी सरकार चल नहीं सकती है.” उन्होंने कहा कि, “किसान और किसानी विरोधी भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण करने की मजबूरी क्या है.
अखिलेश यादव बोले- ‘बिचौलियों वाली है भाजपाई सोच’
उन्होंने कहा कि, “भाजपा कभी भूमि अधिग्रहण लाकर खेती-किसानी को हड़पने का षड्यंत्र करती है, कभी काले-क़ानूनों से किसानों को मौत के मुँह में ढकेल देती है. भाजपाई सोच बिचौलियों वाली है, वो पैदावार-उत्पादन की जगह बीच में कमीशनख़ोरी से सिर्फ़ अपना पेट भरना जानती है.”
‘भाजपाई बिचौलियों का होना चाहिये भंडाफोड़’
अखिलेश यादव ने कहा कि ‘खेती-किसानी’ के बीच ही नहीं, ‘किसानों’ के बीच भी बैठे भाजपाई बिचौलियों का भंडाफोड़ होना चाहिए. अखिलेश यादव ने कहा, ‘किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा, भाजपा जाए तो खेतीबाड़ी बच पाए.’
