लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने देश को खोखला बना दिया है। नोटबंदी, जीएसटी से लेकर कारोबारी जटिलताओं, भ्रष्टाचारी टैक्स तंत्र और सरकारी उत्पीड़न से भारत के करोड़पतियों का देश से मोह भंग हो रहा है।

र‍िपोर्ट हैरान करने वाली है: अखि‍लेश

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार अपने कुछ समर्थकों के लिए ही नीतियां बना रही है और उन्हीं को आगे बढ़ा रही है, जिससे परेशान होकर हर वर्ष हजारों की संख्या में करोड़पति भारत छोड़कर दूसरे देशों में अपना कारोबार स्थानांतरित कर रहे हैं। करोड़पतियों के भारत छोड़कर विदेश में बसने की जो रिपोर्ट आ रही है वह हैरान करने के साथ ही देश को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान करने वाली है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष जहां 7500 से अधिक करोड़पतियों ने गलत आर्थिक नीतियों और कारोबारी दुश्वारियों के कारण देश छोड़ दिया था वहीं इस साल अभी तक छह हजार करोड़पति भारत छोड़कर विदेश जा चुके हैं।

दुनिया भर से विदेशी निवेश लाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि जब भारत के ही उद्योगपति और व्यवसायी देश छोड़ रहे हैं तो विदेशी निवेशक कहां से और कैसे आएंगे? भाजपा सरकार का कोई भी काम जमीन पर नहीं है। सरकार का हर काम कागज पर हो रहा है। कागजी काम और विज्ञापनों के जरिए भाजपा जनता को अनंत काल तक भ्रमित नहीं कर सकती है।