‘वो जाने वाले हैं ये जानते हैं!’, बटुकों पर सियासत के बीच अखिलेश यादव ने ब्रजेश पाठक पर कसा तंज
यूपी में बटुकों की शिखा को लेकर छिड़ी सियासत के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर अपने ही अंदाज में तंज कसा है. सपा अध्यक्ष ने ब्रजेश पाठक के एक इंटरव्यू का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि लगता है उन्हें पता चल गया है कि वो अब जाने वाले हैं इसलिए वो भूतपूर्व सीएम को भी अस्वीकारते हैं और वर्तमान को भी नहीं मानते.
अखिलेश यादव ने उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के इंटरव्यू का एक वीडियो टैग किया, जिसमें वो सपा सरकार में कोई काम नहीं होने की बात कहे रहे थे. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव अपनी सरकार के कामों के आधार पर वोट क्यों नहीं मांगते जिस पर एंकर ने कहा कि वो तो हमेशा अपनी सरकार के काम ही गिनाते हैं.
सपा अध्यक्ष ने ब्रजेश पाठक पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर करते अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- ‘भूतपूर्व मुख्यमंत्री को अस्वीकारते हैं..वर्तमान मुख्यमंत्री को नहीं मानते हैं.. उप होकर भी अपना राग अलापते हैं.. मंत्रालय की ज़िम्मेदारियों से भागते हैं.. लगता है वो जानेवाले हैं ये जानते हैं!’
बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अक्सर सीएम योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के बीच आपसी कलह को लेकर निशाना साधते रहते हैं. वो कई बार ये दावा कर चुके हैं यूपी में योगी सरकार की केंद्र सरकार के साथ नहीं बनती है. इसलिए ये दोनों इंजन आपस में टकराते रहते हैं. यहीं नहीं वो कई बार सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम के बीच तनाव होने का दावा भी कर चुके हैं.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक इन दिनों शंकराचार्य विवाद को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से अलग राह पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने हाल ही में बटुकों के अपमान को भी महापाप बताया था. उन्होंने कहा कि बटुकों की शिखा नहीं खींचनी चाहिए थी. ये महापाप है. इसका लेखा-जोखा लिखा जाएगा.
