shobhit University Gangoh
 

‘2048 की तैयारी करें अखिलेश यादव’, सपा चीफ के चुनाव प्रचार अभियान पर बोले केशव प्रसाद मौर्य

‘2048 की तैयारी करें अखिलेश यादव’, सपा चीफ के चुनाव प्रचार अभियान पर बोले केशव प्रसाद मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा साल 2027 के चुनाव प्रचार अभियान के शुरुआत करने के सवाल पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अखिलेश यादव 2048 के चुनाव की तैयारी करें. 2047 तक सपा के लिये जनता के मन मानस में कोई संभावना नहीं है, उनका पीडीए फर्जी था उसकी धज्जियां उड़ चुकी हैं.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह बांटो और राज करो करना चाहते हैं, साल 2017 तक अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री थे. उन्होंने अनुसूचित और पिछड़े वर्ग के लोगों को कुचलने का काम किया. अपनी सरकार में जातिवाद किया, परिवारवाद किया. गुंडो, माफियाओं और दंगाइयों को संरक्षण देने का काम किया. 2048 तक सपा का यूपी में और कांग्रेस का केंद्र में कोई भविष्य नहीं है. लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी सत्ता वियोग में बौखलाए हैं. राहुल गांधी पीएम की कुर्सी पर अपने परिवार को देखना चाहते हैं.

उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज कुशीनगर के तमकुही मे बीजेपी नेता जगदीश मिश्रा के विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर आए थे. उन्होंने यहाँ एक जनसभा को भी संबोधित किया, अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यहां डबल इंजन की सरकार में गरीबों को अमीर बनाने का प्रयास हो रहा. बीजेपी की सरकार महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए सरकार काम कर रही है. यूपी सरकार एक वर्ष के भीतर समूह में 3 करोड़ दीदीयों को जोड़ने का काम करेगी. हर जिले के प्रसिद्ध सामान को बनाने और विक्री करने का प्रयास हो रहा है. यूपी की ओडीओपी योजना की कॉपी देश कई प्रदेश ने किया है. अब हमारी सरकार एक जनपद एक व्यंजन का कैंटीन खोलेगी.

कांग्रेसी प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे- केशव प्रसाद मौर्य

वहीं उन्होंने कहा कि इस समय मतदाता सूची के शुद्धिकरण (SIR) का काम चल रहा इसलिए हम सभी को इसको करना पड़ेगा. सभी अठारह वर्ष के ऊपर के लोगों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने का प्रयास कीजिए. साल 2027 का विधानसभा चुनाव आने वाला है, सपा-बसपा और कांग्रेस बीजेपी की बढ़ती ताकत देखकर घबराई है. कांग्रेसी विचलित हो गए हैं, सत्ता वियोग में बौखलाए हैं. कांग्रेसी प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं.

संसद नहीं चलने दे रहे हैं- केशव प्रसाद मौर्य

डिप्टी सीएम ने कहा कि वह प्रधानमंत्री पर हमला करने का प्रयास कर रहे हैं और संसद नहीं चलने दे रहे हैं. साल 2027 में कुशीनगर की सभी सीटों पर बीजेपी को जिताने का प्रयास होना चाहिए. देश के दुश्मन चाहते हैं कि देश के प्रधानमंत्री मोदी ना रहें. देश विरोधी भारत को चारागाह बनाना चाहते हैं. हम दुनिया की चौथी अर्थव्यस्था बन चुके हैं, आगे हम तीसरी अर्थव्यवस्था बनाएंगे. विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लिए बीजेपी का समर्थन करना होगा. यह लोकतंत्र है इसलिए इस देश का हर वर्ग चाहता है कि देश विकसित है, केवल बीजेपी इस देश को विकसित बना सकती है.

Jamia Tibbia