अम्बेडकरनगर की जनादेश रैली में अखिलेश यादव बोले, भाजपा को हराकर कम करेंगे महंगाई

अम्बेडकरनगर की जनादेश रैली में अखिलेश यादव बोले, भाजपा को हराकर कम करेंगे महंगाई
  • सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा डॉ. राममनोहर लोहिया के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रैली में आने वालों का धन्यवाद। लोगों में उत्साह साफ दिख रहा है। यह जनसैलाब इतिहास लिखेगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2022 होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश के हर जिले में अपने जनाधार को मजबूत करने के प्रयाग में लगे हैं। समाजवादी पार्टी के कुनबा बढ़ाओ अभियान के तहत अम्बेडकर नगर के दो कद्दावर नेताओं लालजी वर्मा तथा रामअचल राजभर को पार्टी में शामिल करने की औपचारिकता निभाने के बाद अखिलेश यादव ने रविवार को अम्बेडकर नगर में जनादेश रैली को संबोधित किया।

अम्बेडकरनगर के भानमती पीजी कालेज के मैदान में अखिलेश यादव ने जनादेश रैली जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ही रही। सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा डॉ. राममनोहर लोहिया के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रैली में आने वालों का धन्यवाद। लोगों में उत्साह साफ दिख रहा है। यह जनसैलाब इतिहास लिखेगा। जनादेश रैली में अखिलेश यादव ने राम अचल राजभर व लालजी वर्मा का स्वागत किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। किसानों को गाड़ी से कुचलने का काम किया गया है। तीन इंजन की सरकार ने किसानों को कुचला। एक सरकार केन्द्र की, एक सरकार उत्तर प्रदेश की और एक सरकार लखीमपुर खीरी की है। लखीमपुर खीरी की सरकार तो अलग ही चल रही है। भाजपा सरकार ने अन्याय बढ़ाने के साथ भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। किसान के धान की खरीद नहीं हो रही है। भाजपा के शासन में बुनकर भी परेशान हैं। सरकार कोई भी इंतजाम नहीं कर पा रही है।

 

jagran

उन्होंने कहा कि महंगाई को नीचे लाने का एक ही तरीका है। यह तरीका है भाजपा की हार। तीन राज्यों में भाजपा की हार के बाद डीजल व पेट्रोल के दम कम होने लगे हैं। अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा हारती है तो महंगाई इतनी तेजी से नीचे आ जाएगी, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। समाजवादियों ने प्रदेश को डायल 100 के साथ लैपटॉप देकर प्रगति की राह दिखाई। एम्बुलेंस देकर जनता को खुशहाल किया।

jagran

इस अवसर पर लालजी वर्मा ने कहा कि अम्बेडकरनगर के आसपास के जिलों में भारतीय जनता पार्टी का खेल खेल खत्म हो गया है। भाजपा के लोग हमें जाति-धर्म में बांट रहे हैं। इनके प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि आज समाज को लोहिया-अंबेडकरनगर की विचारधारा की जरूरत है। अम्बेडकरनगर के पांच विधानसभा क्षेत्र में से दो सीट भाजपा तथा दो सीट बसपा के पास हैं। इनमें से एक पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है। बसपा से निष्कासित लालजी वर्मा कटहरी तथा रामअचल राजभर अकबरपुर से विधायक हैं। भाजपा की संजू देवी टांडा तथा अनीता आलापुर से विधायक हैं। समाजवादी पार्टी के सुभाष राय जलालपुर से विधायक हैं। अम्बेडकरनगर से सांसद भी बसपा के रितेश कुमार पाण्डेय हैं। इस रैली में भारी भीड़ जुटने की आशंका में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी भी काफी सतर्क थे।