कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया, बोले- ‘बातचीत हो रही है’

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया, बोले- ‘बातचीत हो रही है’

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश उपचुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने आखिरकार चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बातचीत हो रही है, करेंगे भी और हो भी जाएगी। अभी नामांकन चल रहे हैं, समय है। यह हमारे दलों के बीच की बात है, कोई चिंता की बात नहीं।”

सपा ने घोषित किए उम्मीदवार

सपा ने उपचुनाव के लिए सात सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिनमें करहल, सीसामऊ, फूलपुर, मील्कीपुर, कटेहरी, मझवां और मीरापुर शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस के हिस्से में खैर और गाजियाबाद सीट आई हैं। हालांकि, कांग्रेस को इन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अब इन दोनों सीटों को सपा के लिए छोड़ने का मन बना चुकी है।

सीटों पर सहमति नहीं बनी

कांग्रेस ने सपा से खैर और गाजियाबाद सीटों के बदले फूलपुर और मझवां सीटों की मांग की थी, लेकिन सपा इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद कांग्रेस ने सभी सीटों से अपनी दावेदारी वापस लेने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि उपचुनाव में हार से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर सकता है। इस समय पार्टी का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और भाजपा को हराना है। इसके लिए कांग्रेस सपा के प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

भाजपा की स्थिति

सपा द्वारा जिन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, उनमें से दो सीटों—फूलपुर और मझवां—पर 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस इन दोनों सीटों पर दावेदारी पेश कर रही थी, लेकिन सपा ने इन पर पहले ही उम्मीदवार उतार दिए हैं। मीरापुर सीट पर 2022 में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने जीत हासिल की थी।


विडियों समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *