shobhit University Gangoh
 

Akhilesh Yadav Home Arrest: लखनऊ में अखिलेश यादव नजरबंद, UP में सभी सपा नेताओं के घर पुलिस का पहरा; सपा की किसान यात्रा आज

Akhilesh Yadav Home Arrest: लखनऊ में अखिलेश यादव नजरबंद, UP में सभी सपा नेताओं के घर पुलिस का पहरा; सपा की किसान यात्रा आज

लखनऊ । देश में किसान आंदोलन को देखते हुए समाजवादी पार्टी भी बेहद सक्रिय हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज दिन में 11 बजे कन्नौज से समाजवादी पार्टी किसान यात्रा को रवाना करने का कार्यक्रम था, लेकिन उनको लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर उनके आवास में ही नजरबंद किया गया है। सरकार कोरोना संक्रमण का हवाला देकर उनको घर से बाहर नही निकलने दे रही है। अखिलेश यादव के आवास के साथ ही विक्रमादित्य मार्ग पर सपा कार्यालय को भी बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया है। कन्नौज में सपाइयों को रोकने के लिए प्रशासन तैयार है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ में नजरबंद किया गया है। विक्रमादित्य मार्ग पर उनके आवास के आसपास पुलिस कि लगातार गश्त जारी है। अखिलेश यादव के आवास के साथ ही समाजवादी पार्टी कार्यालय को बल्लियों से सील कर दिया गया है। वहां पर किसी को भी नहीं जाने दिया जा रहा है। अखिलेश यादव को आज कन्नौज जाना है, अखिलेश यादव की गाड़ी के साथ ही सिक्योरिटी को भी बैरीकैटिंग के बाहर ही रोक दिया गया है। उनको भी अखिलेश यादव के घर में प्रवेश नहीं दिया गया है। गौतम पल्ली थाना की फोर्स के साथ ही लखनऊ के अन्य थाना क्षेत्र की फोर्स को अखिलेश यादव के आवास के पास में तैनात किया गया है।

अखिलेश यादव से मिलने उनके आवास पर जा रहे रहे पार्टी के दो एमएलसी उदयवीर सिंह तथा राजपाल कश्यप को भी पुलिस ने सड़क पर ही रोक दिया है। दोनों नेताओं ने अपना परिचय देने के साथ ही अपना आई कार्ड भी दिखाया, इसके बावजूद भी उन्हेंं रोका गया है। विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप के साथ आशु मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजपाल कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार अखिलेश यादव से घबरा गई। यहां पर किसानों की आवाज उठाने पर अन्याय किया जा रहा है।

माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के किसी भी समय पर घर से बाहर निकल सकते हैं। इसके बाद वह अपने घर के बाहर ही सड़क पर मीडिया को संबोधित कर सकते हैं। अखिलेश यादव की आज कन्नौज से समाजवादी पार्टी की किसान यात्रा को रवाना करने की योजना है। कोविड 19 का हवाला देकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने उनके कार्यक्रम पर रोक लगा दी है। कन्नौज में अखिलेश के किसानों के समर्थन में किसान यात्रा में ट्रैक्टर चलाकर यात्रा के शामिल होने का कार्यक्रम था। अखिलेश यादव का कन्नौज के मंडी से किसान बाजार तक पदयात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम है। समाजवादी पार्टी की आज हर जिले में लगातार किसान यात्रा चलाने का कार्यक्रम है।

किसान आंदोलन को लेकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और अन्य दलों ने भी सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार की घेराबंदी आरंभ कर दी है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सोमवार से अपने क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाओ और खेती किसानी बचाओ नारे के साथ किसान यात्राएं निकलेंगे। इनको कन्नौज से अखिलेश यादव को रवाना करना है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज की ठठिया मंडी से तिर्वा के किसान बाजार तक 13 किलोमीटर की यात्रा ट्रैक्टर से करेंगे। ठठिया में 60 एकड़ में आलू की मंडी सपा शासनकाल में बनायी गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने रोक दिया है। चौधरी ने कहा कि सपा कार्यकर्ता हर जिले में साइकिल पर सवार होकर सरकार की कुनीतियों का प्रचार करने के साथ ही समाजवादी उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए गांव-गांव जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तो भाजपा की विदाई तक समाजवादी कार्यकर्ता सरकार को घेरने में कोई ढिलाई नहीं बरतेंगे।

इनके साथ ही प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया कार्यकर्ता भी 24 दिसंबर से गांव-गांव संपर्क यात्रा पर निकलेंगे। पार्टी के प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने बताया कि सोमवार को जिला केंद्रों पर प्रदर्शन किया जाएगा और किसानों के समर्थन में ज्ञापन सौंपे आएंगे। मिश्रा ने कृषि विधेयक वापस लेने की मांग की।

Jamia Tibbia