‘ड्रोन नहीं उड़ा पा रहे तो जहाज क्या उड़ाएंगे…’, इटावा की घटना पर अखिलेश यादव ने BJP को घेरा
इटावा में सैफई इलाके के नंदपुर गांव में अचानक ड्रोन हेलीकॉप्टर गिरने से हड़कंप मच गया. ये ड्रोन यहां स्थित गेहूं के खेत में गिरा, जिसमें लाइट्स भी जल रही थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोग काफी घबरा गए, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीएस सैफई मौके पर पहुंच गए.
खेतों में ड्रोन गिरने की खबर आसपास के इलाके में आग की तरह फैल गई. मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों और पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों से अपील की वो ड्रोन से दूरी बनाए रखें, जिसके बाद पुलिस की टीम ने ड्रोन के मलबे को उठा लिया और उसे जाँच के लिए ले गई है. इस ड्रोन की लंबाई और 2 से 3 फीट तक बताई जा रही है.
वहीं इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“युद्ध के वातावरण में अचानक किसी खेत में एक बड़े ड्रोन के गेहूँ के खेत में गिरने से इटावा जिले के सैफई इलाके के नंदपुर गाँव में दहशत और अफरातफरी मच गयी. लोगों ने सोचा कहीं कोई मिसाइल तो नहीं, जो युद्ध क्षेत्र से भटक कर यहाँ आ गिरी है. अगर ये किसी सरकारी परीक्षण-टेस्ट या एक्सपेरिमेंट का हिस्सा है तो प्रदेश के नागरिकों को पहले से सूचना देकर आगाह करना था. जब ये विश्वास ही नहीं है कि ड्रोन उड़ेगा कि नहीं तो आम लोगों के इलाके में इसे उड़ाने का जोखिम क्यों उठाया गया. कहीं ये खेत की बजाय आस-पास की किसी बस्ती पर गिर जाता तो इस दुर्घटना से किसी भी तरह की जान-माल की हानि हो सकती थी.”
अखिलेश यादव ने कहा-“सरकार इस मामले में जाँच बिठाए और किसान के खेत में हुई आर्थिक हानि और मानसिक आघात का आंकलन-मूल्यांकन करके किसान को यथोचित मुआवजा दे. भविष्य में ऐसे सभी टेस्ट-एक्सपेरिमेंट निर्धारित निर्जन क्षेत्रों में ही किये जाएं. बीजेपी सरकार में कोई भी परीक्षण सफल क्यों नहीं हो पाता है. सैफई की जनता कह रही है जब भाजपाई ड्रोन नहीं उड़ा पा रहे हैं तो सैफई की उस हवाई-पट्टी से जहाज क्या उड़ाएँगे, बीजेपी ने जिस रनवे को राजनीतिक विद्वेषवश बिना रखरखाव के उपेक्षित छोड़ दिया है.”
ड्रोन गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक ड्रोन मौसम विभाग का होने का दावा किया जा रहा है लेकिन अभी तक इसी पुष्टि नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि देर शाम को ख़राब मौसम की वजह से इस ड्रोन में कोई तकनीकी खराबी आई जिसकी वजह से ये नीचे गिर गया. पुलिस प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अफवाहों से लोगों को बचने सलाह दी है.
ये ड्रोन नंदपुर गांव में गेहूं के खेत में गिरा. जिससे थोड़ी सी फसल को नुक़सान हुआ हैं. लेकिन ग़नीमत ये रही है कि इसमें कोई जनहानि या कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है. पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है. ड्रोन के मलबे की भी जाँच की जा रही है ताकि ये पता चल सके कि ये नीचे क्यों और किन परिस्थितियों में गिरा था.
ये मामला आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों में ड्रोन को लेकर उत्सुकता देखने को भी मिल रही है. प्रशासन का कहना है कि इस घटना को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. इस घटना को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया और जाँच की मांग की हैं. सपा मुखिया ने कहा कि ड्रोन की वजह से खेत को जो नुक़सान हुआ उसकी भरपाई होनी चाहिए.
