अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा टिक नहीं पाएगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनता के सामने लोकसभा चुनाव में टिक नहीं सकती है। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार चरम पर है। चारों तरफ अराजकता है।
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुटता के साथ भाजपा के अन्याय का हर स्तर पर संगठित होकर मुकाबला करें। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि भाजपा की कोई भी ताकत 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता के सामने टिक नहीं सकती है।
भाजपा कायरों की जमात है, वह अपनी कायरता के बचाव में पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है लेकिन जनता की ताकत से कोई बड़ा नहीं है।अखिलेश ने पार्टी मुख्यालय में नवनिर्वाचित स्थानीय निकाय अध्यक्ष, सभासद, अधिवक्ताओं व प्रमुख नेताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि भाजपा सत्ता के दुरुपयोग और बेईमानी से चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करने की साजिश तो कर सकती है पर समाजवादियों की ताकत हर तरह से भाजपा से ज्यादा है।
कार्यकर्ता और नेता अपनी ताकत पहचानें, वे एकजुट होकर भाजपा का हर स्तर पर मुकाबला करे। भाजपा ढलान पर है। भाजपा समाज में बिखराव पैदाकर छल बल से और षड्यंत्र के द्वारा लोकतंत्र पर जबरन कब्जा कर रही है।सपा मुखिया ने कहा कि जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ एकजुट हो जाएगी तो उसके सामने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा टिक नहीं पाएगी। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। चारों तरफ अराजकता है। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को उसके अहंकार, भ्रष्टाचार और झूठे वादों का करारा जवाब देगी।
आरक्षण विरोधी है भाजपा की सोच
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से ग्राम पंचायत अधिकारी के 1468 पदों पर भर्ती के लिए निकाले गए विज्ञापन में ओबीसी के लिए 139 सीटें रखने पर योगी सरकार को घेरा है। सपा मुखिया ने कहा कि ओबीसी को नियमानुसार 27 प्रतिशत आरक्षण की जगह केवल 9.5 प्रतिशत पद प्रकाशित करने का तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने ओबीसी का हक मारने के खिलाफ आंदोलन का आह्वान भी कर दिया है। योगी सरकार को घेरते हुए यह भी कहा कि भाजपा की आरक्षण विरोधी सोच हर बार सामाजिक न्याय के आड़े आती है।