लखनऊ : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Dy CM Keshav Prasad Maurya) के बीच ट्विटर पर वाक युद्ध जारी है।
दोनों ने शनिवार को भी एक-दूसरे पर तंज कसा है। अखिलेश यादव लगातार केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) को सरकार में उनका कद कम होने को लेकर तंज कस रहे हैं तो केशव प्रसाद मौर्य 2024 में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सफाया होने की बात कह रहे हैं।
त्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बने केशव प्रसाद मौर्य की फोटो के साथ एक ट्वीट किया है। केशव प्रसाद मौर्य की इस तस्वीर में वो मुस्कुरा रहे हैं। अखिलेश यादव ने इसी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने लिखा है कि आप इतना जो मुस्कुरा रहे हो, आपके मंत्रालय में बजट की कटौती हो गयी। आपके मंत्रालय के विभागों में पैसा नहीं पहुंचा। टेंडर न हो पाया। क्या ये सब राज छिपा रहे हो। आप इतना क्यों मुस्कुरा रहे हो।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इसका जवाब दिया है। केशव प्रसाद ने ट्वीट पर लिखा है कि सत्ता के लिए बेचैन श्री अखिलेश यादव की पार्टी सपा का लोकसभा चुनाव 2024 में खाता भी नहीं खुलेगा। यूपी और देश में मोदी लहर पहले से तेज है।
इससे पहले भी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सौ विधायकों के साथ सपा में शामिल होने पर उन्हें मुख्यमंत्री पद देने की पेशकश की थी। अखिलेश यादव की इस पेशकश पर केशव प्रसाद मौर्य ने कटाक्ष किया कि जिस तरह पानी से निकलने के बाद मछली तड़पती है, उसी तरह अखिलेश यादव सत्ता के बिना तड़प रहे हैं। इतना ही नहीं मौर्य ने कहा था कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी हो गई है और उनके सौ विधायक खुद ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने को तैयार हैं।