अखिलेश बोले- महाराष्ट्र अब भाजपा की प्रयोगशाला बन गई है, चुनाव आते ही न जाने कितने प्रयोग करेगी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम पर कहा, ‘महाराष्ट्र अब भाजपा की प्रयोगशाला बन गई है, चुनाव आते ही भाजपा न जाने कितने प्रयोग करेगी।’ पहले भाजपा की प्रयोगशाला मध्य प्रदेश होती थी अब महाराष्ट्र में प्रयोग हो रहे हैं। यह पूरा देश देख रहा है।
‘पीडीए’ का मुकाबला ‘एनडीए’ नहीं कर सकता है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाई झूठे नारों से गुमराह करते हैं। वे सबका साथ से सबका विकास नहीं कर सकते हैं। जब तक सभी जातियों की गणना नहीं होगी तब तक उनकी भागीदारी कैसे तय होगी? गैर बराबरी तभी खत्म होगी, जब जाति जनगणना होगी। ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक) का मुकाबला ‘एनडीए’ नहीं कर सकता है।
सपा मुखिया ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय में कमेरा चेतना फाउंडेशन द्वारा जातीय जनगणना की जरूरत विषय पर आयोजित संगोष्ठी में डा. सोने लाल पटेल को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि कन्नौज सोने लाल की जन्मस्थली और मेरी कर्मस्थली है। यह रिश्ता भावनात्मक है। उन्होंने दलितों, पिछड़ों व कमेरा समाज के लिए बड़ा संघर्ष किया। हक तथा सम्मान के लिए संकल्प लेकर उनके सपने को पूरा करेंगे।
भाजपा पर जमकर बोला हमला
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में निवेश संबंधी जो एमओयू हुए हैं वे जमीन पर नहीं उतरे हैं। आंकड़े बताते हैं कि जहां समाजवादी सरकार में औसत वार्षिक ग्रोथ दर 6.2 प्रतिशत थी, वहीं भाजपा सरकार में यह 3.2 प्रतिशत पर टिक गई। भाजपा राज में न तो नए उद्योग धंधे लगे हैं और न ही गरीब के घर पर खुशहाली आई है। भाजपा सरकार के पास बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर जवाब नहीं है इसलिए वह सामान नागरिक संहिता की बात कर रही है। सपा समान नागरिक संहिता के खिलाफ है।
अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व डा. सोनेलाल पटेल की पत्नी कृष्णा पटेल ने कहा कि डा. साहब ने जीवन भर वंचितों, पिछड़ो, कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ी। आज डा. लोहिया, डा. आंबेडकर की विचारधारा और सामाजिक न्याय की लड़ाई की कमान अखिलेश यादव के हाथ में है। उन्होंने भी दोहराया कि सभी वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने के लिए जातीय जनगणना जरूरी है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डा. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक काम कर रही है। विपक्ष को डराने के लिए सीबीआइ और इडी का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा वंचितों और कमजोरों को हक और सम्मान नहीं देना चाहती है इसलिए जातीय जनगणना का विरोध कर रही है। जातीय जनगणना से ही सभी वर्गों को हक और सम्मान मिल पाएगा। इस अवसर पर बिलाल सहारनपुरी तथा साबरी ने गीत प्रस्तुत किए। कमेरा चेतना फाउंडेशन के चेयरमैन पंकज निरंजन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, डा. राजपाल कश्यप व आशु मलिक उपस्थित थे।
सीएम योगी पर किया तंज
अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सुबह चार बजे जागते थे, उनका योग आपने देखा। हम तो यह कहते हैं कि जो काम नहीं कर सकते हो, क्यों करना है। अगर योग ही करना था तो अनुलोम-विलोम करके ही काम चला लेते…।