चुनावी रण तैयार, आज अखिलेश तो दो सितंबर को CM योगी दिखाएंगे दमखम

लखनऊ। घोसी उपचुनाव के लिए भाजपा व सपा दोनों ही दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को वहां चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दो सितंबर को भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाएं करेंगे।
अखिलेश ने संभाली चुनाव की कमान
लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे घोसी विधानसभा सीट का उपचुनाव सपा व भाजपा दोनों ही दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार चुनाव की कमान खुद संभाल ली है।
अखिलेश आज करेंगे प्रचार
उन्होंने सपा प्रत्याशी को जिताने के लिए वरिष्ठ नेताओं की पूरी टीम झोंक दी है। खुद अखिलेश यादव भी 29 अगस्त यानी आज प्रचार करने घोसी जा रहे हैं। इससे पहले अखिलेश कई उपचुनाव में प्रचार करने नहीं गए थे। यहां तक की वे आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में भी प्रचार करने नहीं गए थे।
भाजपा ने भी केंद्रीय मंत्रियों से लेकर प्रदेश सरकार के मंत्रियों को वहां चुनाव प्रचार में लगा रखा है। पांच सितंबर को यहां वोट डाले जाएंगे। इससे पहले दो सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घोसी पहुंचकर पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के समर्थन में माहौल बनाएंगे।