यूपी चुनाव के लिए अखिलेश की दलित वोट बैंक पर नजर, आगरा में होगी महापंचायत

यूपी चुनाव के लिए अखिलेश की दलित वोट बैंक पर नजर, आगरा में होगी महापंचायत

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी दलित वोट बैंक को पार्टी से जोड़ने में लगी है. पार्टी अब दलित महापंचायतों के जरिए दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करेगी. इसकी शुरुआत 15 नवंबर को आगरा से होगी. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव महापंचायत को संबोधित करेंगे. उनकी इस सभा को पहला चुनावी शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है.

दरअसल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. अखिलेश यादव इस चुनाव में सभी जातियों को पार्टी से जोड़ने के लिए लगातार बैठक और जिलों का दौरा कर रहे हैं. अब अखिलेश  यादव 15 नवंबर को आगरा में होने वाली दलित महापंचायत में शामिल होंगे. इस महापंचायत का आयोजन आगरा में इसलिए किया जा रहा है क्योंकि आगरा और उसके आसपास के जिलों में 50 लाख से ज्यादा दलित वोटर हैं. सपा ने इस अभियान की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद और दलित नेता रामजी लाल सुमन को सौंपी है. महापंचायत में संविधान और आरक्षण बचाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा.

2024 में उठाया था मुद्दा, मिला फायदा

लोकसभा चुनाव 2024 में भी सपा और कांग्रेस ने संविधान और आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. पार्टी को इसका राजनीतिक फायदा भी मिला था. अब विधानसभा चुनाव से पहले सपा इसी मुद्दे के जरिए दलित मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश में है.

आगरा से क्यों शुरुआत?

आगरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां जाटव समुदाय की बड़ी आबादी है और यह क्षेत्र लंबे समय तक बसपा का मजबूत राजनीतिक आधार रहा है. अकेले आगरा में ही 9 लाख से ज्यादा दलित वोट है. इसके बाद अलीगढ़ हाथरस और फिरोजाबाद में दलित वोट निर्णायक रूप में आते है.

बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी

सपा की रणनीति सिर्फ दलित वोट बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है. पार्टी बीजेपी के सामाजिक समीकरण को भी चुनौती देना चाहती है. इसके लिए दलित संतों के सम्मान, पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता दी जा रही है. सपा पिछले कुछ वर्षों से दलित नेताओं को संगठन और चुनावी राजनीति में बड़ी जिम्मेदारियां दे रही है. बसपा के कई बड़े नेताओं को भी पार्टी में शामिल कराया गया है. लोकसभा चुनाव 2024 में सुरक्षित सीटों के अलावा सामान्य सीटों पर भी दलित प्रत्याशियों को उतारकर नया प्रयोग किया गया था. अब विधानसभा चुनाव में भी इसी रणनीति को आगे बढ़ाने की तैयारी है.