shobhit University Gangoh
 

अजातशत्रु थे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी: देवेन्द्र चौधरी

अजातशत्रु थे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी: देवेन्द्र चौधरी
  • सहारनपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते भाजपाई।

सहारनपुर। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अजातशत्रु थे। वे सरल, साहसी और दूरदर्शी नेता थे, जिनका व्यक्तित्व इतना विशाल था कि पूरी दुनिया उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखती थी। वे पहले भारतीय राजनेता थे जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण देकर देश का गौरव बढ़ाया। चौधरी सेठ गंगाप्रसाद माहेश्वरी सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित नगर निगम क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अटल जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पण से हुआ। देवेन्द्र चैधरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय का उल्लेख करते हुए जनसंघ से भाजपा के गठन तक की यात्रा पर प्रकाश डाला।  कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अखंड भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूती दी। महापौर ने अटल जी की प्रसिद्ध राष्ट्रवादी कविताएं हिमालय, दूध में दरार, हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा तथा आजादी अभी अधूरी है का भावपूर्ण पाठ किया, जिस पर सभागार तालियों से गूंज उठा। पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने अटल जी को कुशल वक्ता, राजनेता और सफल प्रधानमंत्री बताया।

नगर विधायक राजीव गुंबर व पूर्व महापौर संजीव वालिया ने भी अटल जी के व्यक्तित्व व राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विचार रखे। इस अवसर पर एससी-एसटी आयोग के सदस्य महिपाल वाल्मिकी, पूर्व महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, वरिष्ठ नेता शशि वालिया, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, के.एल. अरोड़ा, राकेश जैन सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Jamia Tibbia