‘ईद पर अपनों से ही खरीदें सामान’, जहरीले बयान देने वाले तौकीर निजामी को AIMIM ने किया सस्पेंड

‘ईद पर अपनों से ही खरीदें सामान’, जहरीले बयान देने वाले तौकीर निजामी को AIMIM ने किया सस्पेंड

ईद पर अपनों से खरीददारी देने वाले बयान से चर्चा में आए AIMIM नेता तौकीर निजामी पर पार्टी ने सख्त एक्शन लिया है। AIMIM ने उनके बयान को अनुशासनहीनता माना है और उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। इस एक्शन के बाद इंडिया टीवी से बातचीत में तौकीर निजामी ने कहा, मुझे अब तक पत्र नहीं मिला है, मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस विषय में बात करूंगा।

पत्र में लिखा है

यह औपचारिक रूप से सूचित किया जाता है कि तौकीर निज़ामी ने हाल ही में एक सार्वजनिक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने मुसलमानों से केवल मुसलमानों से ही खरीदारी करने की बात कही है। पार्टी ने इस बयान को गंभीरता से लिया है। इस प्रकार के बयान गैर-जिम्मेदाराना, उकसाने वाले और समाज में विभाजन पैदा करने वाले हैं। ये न केवल ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की विचारधारा और सिद्धांतों के खिलाफ हैं, बल्कि भारत के संविधान की भावना के भी विपरीत हैं, जो सभी नागरिकों के बीच समानता, न्याय और साम्प्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देता है।

पत्र में कहा गया है, AIMIM संविधानिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और धर्म या समुदाय के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव, विभाजन या आर्थिक बहिष्कार का समर्थन नहीं करती। इस अनुशासनहीनता और पार्टी के सिद्धांतों के उल्लंघन को देखते हुए, पार्टी नेतृत्व ने कड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। तदनुसार, तौकीर निज़ामी को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।

इसके साथ ही पार्टी यह भी स्पष्ट करती है कि किसी भी प्रकार का असंवैधानिक आचरण या समाज में विभाजन को बढ़ावा देने वाले बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे, और ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ, चाहे वह संगठन में किसी भी पद या स्थिति में हो, सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply