AIMIM ने मायावती के साथ गठबंधन की जताई इच्छा, सरकार बनाने का ‘फॉर्मूला’ भी तैयार
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाजवादी पार्टी के पास 111 विधायक हैं और ये सीटें 90 फीसदी मुसलमानों के वोट से सपा ने जीती है इसके बावजूद सपा मुस्लिम समाज की लड़ाई मजबूती से नहीं लड़ रही है.
शौकत अली ने कहा कि अगर एआईएमआईएम के पास 11 विधायक भी होंगे तो वे पूरी ताकत से अपने समाज की आवाज उठाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति देखकर एनकाउंटर हो रहे हैं. उनका कहना है कि जब उनकी पार्टी सत्ता में आएगी तो संवैधानिक तरीके से अपने लोगों की लड़ाई लड़ी जाएगी.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी 2027 के चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रही है और अगली सरकार में उनकी भागीदारी तय होगी. गठबंधन के सवाल पर शौकत अली ने कहा कि उनकी पार्टी बसपा के साथ गठबंधन चाहती है और बसपा के साथ उनका “नेचुरल अलायंस” है. उन्होंने कहा कि “20 (मुस्लिम) + 20 (दलित) = 40” का सामाजिक समीकरण सत्ता तक पहुंचा सकता है.
चंद्रशेखर को शौकल अली ने बताया अच्छा नेता
दलित चेहरे के साथ गठबन्धन पर चंद्रशेखर के नाम पर शौकत ने कहा कि वे अच्छे नेता हैं और मेहनत करते हैं, पर गठबंधन को लेकर आगे स्थिति स्पष्ट होगी. वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश और शिवपाल यादव पहले ही बयान दे चुके हैं कि वो ए आई एमआईएम के साथ कोई गठबन्धन नहीं चाहते हैं.
2027 में जो भी सरकार बनेगी उसमें एआईएमआईएम की भागीदारी होगी- AIMIM
शौकत अली ने विश्वास जताया कि 2027 में जो भी सरकार बनेगी, उसमें एआईएमआईएम की भागीदारी जरूर होगी. शौकत ने कहा कि अगर कोई गठबन्धन नहीं होता तो वो 200 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं.
मायावती पहले ही गठबंधन से कर चुकी हैं मना
हालांकि बसपा सुप्रीमो मायावती ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह साल 2027 में अकेले ही चुनावी मैदान में उतरेंगी और किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगी. अब एआईएमआईएम की इस मांग ने यूपी की राजनीतिक हलचल तेज कर दी है.
