क्लासिकल गायकी के लाजवाब गायक थे अफजाल साबरीः डा. नवाज

  •  प्रसिद्ध शायर व उर्दू अकादमी उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन डा. नवाज देवबंदी सहित अदब से जुड़े लोगों ने मशहूर कव्वाल अफजाल साबरी के इंतकाल पर गहरे दुख का इजहार किया है।

देवबंद [24CN] : डा. नवाज देवबंदी ने कहा कि अफजाल साबरी के इंतकाल से कव्वाली की दुनिया को बड़ा नुकसान पहुंचा है। अफजाल और उनके भाई इकबाल साबरी ने कव्वाली के जरिये जहां पूरी दुनिया में देवबंद का नाम रोशन किया। वहीं, फिल्मी दुनिया में भी नाम कमाया। कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि अफजाल साबरी क्लासिकल गायकी के लाजवाब फनकार थे। अफजाल साबरी शानदार फनकार होने के साथ साथ बेहतरीन शख्सियत भी थे। जिन्होंने हमेशा बड़ों को इज्जत दी और छोटों को प्यार दिया। उनका दुनिया से चले जाना कव्वाली की दुनिया का बहुत बड़ा नुकसान है। जहान-ए-अदब के अध्यक्ष व शायर तनवीर अजमल ने अफजाल साबरी के इंतकाल पर दुख जताया।

कहा कि आज वे हमारे बीच नहीं, लेकिन उनकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी। वरिष्ठ लेखक व फिल्म समीक्षक कमल देवबंदी ने साबरी के इंतकाल को बड़ा नुकसान बताया है। कहा कि उनकी मखमली आवाज और उनकी सादगी साबरी की सबसे बड़ी पहचान थी। प्रसिद्ध शायर डा. नदीम शाद, शायर व कवि डा. शमीम देवबंदी, शमीम किरतपुरी, वली वकास, नईम अख्तर आदि ने भी अफजाल साबरी के इंतकाल पर दुख जताया है।