T20 WC जिताने के बाद सूर्या ने किया अगले बड़े लक्ष्य का खुलासा, 2028 को लेकर कही ये बड़ी बात

T20 WC जिताने के बाद सूर्या ने किया अगले बड़े लक्ष्य का खुलासा, 2028 को लेकर कही ये बड़ी बात

भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा करने वाली और अपने घर में चैंपियन बनने वाली पहली टीम बन गई। यही नहीं, टीम इंडिया अब सबसे ज्यादा बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। इससे पहले टीम इंडिया साल 2007 में धोनी की कप्तानी में पहली बार चैंपियन बनी थी। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 2024 का T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने तीसरी बार चैंपियन बनने के साथ ही नया इतिहास रच दिया है।

कप्तानी में जीता पहला ICC खिताब

सूर्या का बतौर कप्तान यह पहला ICC खिताब है। टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के बाद अब सूर्यकुमार यादव ने एक और बड़े लक्ष्य पर अपनी नजरें टिका दी हैं, जिसका खुलासा उन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के तुरंत बाद कर दिया है। वर्ल्ड कप की जीत के जश्न में डूबी भारतीय टीम के कप्तान ने साफ कर दिया है कि उनका अगला लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है।

अहमदाबाद में फाइनल के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि पिछले एक महीने का सफर टीम के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने स्वीकार किया कि टूर्नामेंट की शुरुआत टीम के मुताबिक नहीं रही, लेकिन क्रिकेट में ऐसा होना खेल का हिस्सा है।

अगला लक्ष्य ओलंपिक गोल्ड मेडल

सूर्यकुमार ने कहा कि पिछले एक महीने का सफर शानदार रहा। शुरुआत हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं हुई थी, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। इसके बाद टीम ने जिस तरह वापसी की और यहां तक का सफर तय किया, वह बेहद खास रहा। एक टीम के तौर पर हमने जो हासिल किया है, वह आप सबके सामने है। इससे हम बहुत खुश हैं। अब अगला लक्ष्य ओलंपिक गोल्ड है और उसी दिशा में टीम के साथ काम करना है।

ओलंपिक में दिखेगा क्रिकेट का जलवा

दरअसल, इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने क्रिकेट को 2028 ओलंपिक में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। इससे पहले क्रिकेट केवल एक बार 1900 पेरिस ओलंपिक में खेला गया था। ओलंपिक 2028 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 6-6 टीमें 14 जुलाई से 29 जुलाई के बीच मेडल के लिए मुकाबला करेंगी। मौजूदा ICC T20 रैंकिंग के आधार पर एशिया से भारत के पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्वालिफाई करने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। सभी मुकाबले अमेरिका के पोमोना शहर में स्थित अस्थायी तौर पर बनाए जाने वाले फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेले जाएंगे, जो लॉस एंजिल्स से करीब 50 किलोमीटर दूर है।

2024 को बताया टर्निंग पॉइंट

भारतीय पुरुष टीम फिलहाल ICC चैंपियंस ट्रॉफी और ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप दोनों की मौजूदा चैंपियन है। सूर्यकुमार यादव ने 2024 T20 वर्ल्ड कप को भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया, जिसे टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में बारबाडोस में जीता था। उन्होंने कहा कि 2024 के बाद सबकुछ बदल गया। उस साल हमने बिल्कुल अलग तरह का क्रिकेट खेला और वहीं से हमें समझ आया कि इस टीम को आगे कैसे बढ़ना है। इसके बाद 2025 में हमने चैंपियंस ट्रॉफी जीती और अलग अंदाज का क्रिकेट खेला। अब 2026 में हमने घरेलू दर्शकों के सामने कुछ खास करने का लक्ष्य रखा था और वह पूरा हुआ। हम चाहते हैं कि 2027, 2028 और 2029 में भी इसी तरह प्रदर्शन जारी रखें और कभी रुकें नहीं।


Leave a Reply