shobhit University Gangoh
 

अमेरिकी हमले के बाद ईरान की धमकी से दुनिया में खलबली, इराक छोड़ने लगे अमेरिकी

अमेरिकी हमले के बाद ईरान की धमकी से दुनिया में खलबली, इराक छोड़ने लगे अमेरिकी

अमेरिकी हमले के बाद ईरान के बदला लेने की धमकी से पूरे विश्व में हड़कंप मच गया है। बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों से तत्काल इराक छोड़ देने की अपील की। इसके बाद इराकी तेल कंपनियों के अमेरिकी कर्मचारी वापस लौटने लगे हैं। ब्रिटिश विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने भी अपने नागरिकों को इराक से लौटने की सलाह दी है। राब ने कहा, मैं सभी पक्षों से संघर्ष कम करने का आग्रह करता हूं। आगे का संघर्ष हमारे हित में नहीं है। ब्रिटेन ने मध्यपूर्व में अपने सैन्य अड्डों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। इराक में ही ब्रिटेन के करीब 400 सैन्य अधिकारी तैनात हैं।

वहीं, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ग्रीस का दौरा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए हैं। इस्राइल सेना ने बताया कि देश की सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन बड़े सैन्य अधिकारियों की मौत इस क्षेत्र के लिए एक बड़ा टर्निंग प्वाइंट है। माना जा रहा है कि ईरान इस हमले का करारा जवाब देगा, जिससे हालात बिगड़ सकते हैं। यही नहीं जवाबी हमलों से अमेरिकी और इस्राइली हितों को नुकसान भी हो सकता है।

अमेरिका को अपनी रक्षा का अधिकार : नेतन्याहू

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, ईरानी कमांडर को मारकर अमेरिका को अपनी रक्षा करने का अधिकार था। जिस तरह इस्राइल के पास आत्मरक्षा का अधिकार है, ठीक उसी तरह अमेरिका का भी अधिकार है। सुलेमानी अमेरिकी नागरिकों और कई बेगुनाह लोगों की हत्या का उत्तरदायी था। वह और हमले करने की योजना बना रहा था। राष्ट्रपति ट्रंप बलपूर्वक और निर्णायक रूप से इसके हकदार हैं। इस्राइल शांति, सुरक्षा और आत्मरक्षा के संघर्ष में अमेरिका के साथ खड़ा है।

मध्यपूर्व में स्थिति बिगड़ने का खतरा : पुतिन

 रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि सुलेमानी की हत्या से मध्यपूर्व में स्थिति बिगड़ने का खतरा है। पुतिन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान कहा, अमेरिका की यह कार्रवाई इस क्षेत्र की स्थिति को गंभीरता से बढ़ा सकती है।

दुनिया एक और खाड़ी युद्ध बर्दाश्त नहीं कर सकती : गुटेरस

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने खाड़ी में तत्काल युद्ध विराम की अपील करते हुए कहा कि दुनिया एक और खाड़ी युद्ध बर्दाश्त नहीं कर सकती। दुनिया को ज्यादा संयम बरतना होगा।

पाक-चीन ने की संयम बरतने की अपील

पाकिस्तान ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की। कहा, इस घटनाक्रम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा है। वहीं चीन ने कहा, हम सभी पक्षों और खासतौर पर अमेरिका से संयम बरतने की अपील करते हैं। इराक की संप्रभुता और स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए।

दुनिया अब ज्यादा खतरनाक : फ्रांस

फ्रांस के यूरोप मंत्री अमीली डे मॉन्टचेलिन ने कहा, हम अब ज्यादा खतरनाक दुनिया में जीयेंगे। फ्रांस के सभी प्रयास, दुनिया के सभी हिस्सों में यह सुनिश्चित करना है कि शांति या कम से कम स्थिरता पैदा करने वाली परिस्थितियां बनी रहें।

तनाव का खतरनाक स्तर : जर्मनी

जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल के प्रवक्ता अलराइक डेमर ने कहा, हम तनाव के खतरनाक स्तर पर हैं। युद्ध की तीव्रता कम करने के लिए विवेक और संयम जरूरी हो गया है।

हिंसा भड़काने की कोशिश : सीरिया

सीरिया ने कहा, अमेरिका का कायरतापूर्ण हमला। अमेरिकी कार्रवाई से शहीद नेताओं के रास्ते को अपनाने की प्रतिबद्धता बढ़ेगी। अमेरिका मध्य पूर्व में हिंसा भड़काने की कर रहा कोशिश।

अमेरिका में अलग-अलग राय

कांग्रेस की सलाह के बिना किया हमला: नैंसी पेलोसी

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने कहा, हिंसा खतरनाक स्तर तक बढ़ सकती है। अमेरिका व पूरी दुनिया तनाव के उस स्तर को झेल नहीं सकते, जहां से लौटना मुश्किल हो। अमेरिकी प्रशासन ने सैन्य बल के इस्तेमाल की मंजूरी के बिना हमला किया है। कांग्रेस से सलाह किए बिना ये कार्रवाई की गई है।

अमेरिकी सैनिकों को मिला न्याय: रिश

अमेरिकी सीनेटर जिम रिश ने कहा, सुलेमानी सैकड़ों अमेरिकियों की मौत के लिए जिम्मेदार थे। मैंने पहले भी ईरान सरकार को चेतावनी दी है कि वो हमारे संयम को कमजोरी न समझे। उन सभी अमरीकी सैन्यकर्मियों को न्याय मिल गया है, जो कई वर्षों के दौरान ईरानी हमले में मारे गए हैं।

खतरनाक तनाव बढ़ाने वाला कदम : बिडेन

अमरीका के पूर्व उपराष्ट्रपति जो बिडेन ने कहा, ये क्षेत्र में खतरनाक तनाव बढ़ाने वाला कदम है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले से ही मौजूद विस्फोटक स्थिति को और सुलगा दिया है। उन्हें अमरीकी लोगों को बताना चाहिए कि अपने सैनिकों, दूतावास के कर्मचारियों, हमारे लोगों, हमारे हितों की रक्षा की उनकी रणनीति क्या है।

इराक की संप्रभुता का उल्लंघन : ईराक के धार्मिक नेता

इराक के शीर्ष शिया मौलवी अयातुल्लाह अली अल-सिस्तानी ने कहा, बगदाद हवाईअड्डे पर हुआ हमला इराकी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हैं।

संयम बरतने की करते हैं अपील: इराकी राष्ट्रपति

इराकी राष्ट्रपति बरहाम सलेह ने कहा, हम सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हैं।

महान जीत कर रही इंतजार : अलह अल-हक

इराक के हशद अल-शाबी से जुड़े संगठन असेब अलह अल-हक के शीर्ष कमांडर क्वेस अल-खाजेली ने कहा, हमारे सभी सेनानियों को तैयार रहना चाहिए, एक महान जीत हमारी प्रतीक्षा कर रही है।

इराक के मिलिशिया कमांडर हादी अल-अमीरी ने कहा, विदेशी सैनिकों को बाहर करने के लिए इराक के सभी लड़ाकों को एक होना होगा। हम सभी राष्ट्रीय ताकतों से आह्वान करते हैं कि वे विदेशी सेना को खदेड़ने के लिए अपने रुख को एक करें, जिसकी उपस्थिति अब इराक में व्यर्थ हो गई है।

हमला इराक के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई : इराक के पीएम अब्दुल महदी

इराकी पीएम अब्दुल महदी ने कहा, हमला इराक के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई है। इसके कारण इराक ही नहीं पूरे क्षेत्र में और दुनियाभर में युद्ध छिड़ जाएगा। हमले ने इराक में अमेरिकी सैनिकों की उपस्थिति की शर्तों का भी उल्लंघन किया है।
Jamia Tibbia