लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ की सीट तय होने के बाद अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के कदम का इंतजार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नये वर्ष के पहले ही दिन विधानसभा चुनाव लडऩे की घोषणा करने के चंद रोज बाद ही अखिलेश यादव ने भी कहा था कि वह भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मायावती के विधानसभा चुनाव लडऩे से इन्कार करने के बाद अब लोगों की निगाह अखिलेश यादव के कदम पर लगी हुई है।

आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी से सांसद अखिलेश यादव ने उत्तर प्रेदश विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने का एलान भले ही कर दिया है, लेकिन अभी सीट तय नहीं है। अखिलेश यादव ने पहले भी कहा था कि पार्टी जहां से चाहेगी, वह वहां से चुनाव लड़ेंगे। उनके बयान से यह तो तय है कि वह पहली बार उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। कन्नौज के बाद आजमगढ़ से लोकसभा का चुनाव का जीतने वाले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरने की घोषणा कर सरगर्मी बढ़ा दी है। अब समाजवादी पार्टी के साथ ही अन्य दलों को अखिलेश यादव की सीट का इंतजार है। सभी की निगाह सिर्फ उनकी विधानसभा सीट की ओर ही लगी है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद भी कुनबा तथा सहयोगी दल बढ़ाओ के अभियान में लगे हैं। उनके सहयोगी दल भी सीट तय होने के इंतजार में लगे हैं। राष्ट्रीय लोकदल के साथ ही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, महान दल, अपना दल को भी अपनी सीट की संख्या का इंतजार है। समाजवादी पार्टी ने शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को एक सीट दे दी है। पार्टी ने अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है।

इससे पहले बुधवार भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधानसभा सीट तय कर दी। गोरखपुर से पांच बार लोकसभा सदस्य रहे योगी आदित्यनाथ फिलहाल विधान परिषद सदस्य हैं। भाजपा नेतृत्व ने कई दिनों से चल रही तमाम अटकलों को विराम देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला कर दिया। नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में दो दिन चली मैराथन बैठक में इस पर सहमति बनी। भाजपा ने संघर्षपूर्ण नजर आ रहे इस चुनाव में निर्माणाधीन राम मंदिर और योगी के सहारे हिंदुत्व का रंग गाढ़ा कर प्रदेशभर में भगवा लहर चलाने की तैयारी कर ली है।

इस बैठक में मंगलवार को तीन चरणों में शामिल 170 सीटों पर चर्चा की गई, जबकि बुधवार को वीआइपी नेताओं को चुनाव लड़ाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि सीएम योगी अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही अन्य बड़े नेताओं की सीटों पर भी सहमति बन गई है।