PM मोदी के ऐलान के बाद सीमा सुरक्षा में बढ़ेगी NCC की भागीदारी, राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी

PM मोदी के ऐलान के बाद सीमा सुरक्षा में बढ़ेगी NCC की भागीदारी, राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी

नई दिल्ली : राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के दायरे को 173 सीमावर्ती और तटीय जिलों तक बढ़ाने के प्रस्ताव को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंजूरी दे दी है, जिसके तहत एक लाख नए कैडेट की भर्ती की जाएगी। एक आधिकारिक वक्तव्य के माध्यम से रविवार को यह जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए संबोधन में NCC को विस्तार देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि तटीय और सीमावर्ती जिलों तक एनसीसी का विस्तार किया जाएगा जिससे इन क्षेत्रों को “आपदा से मुकाबला करने के लिए प्रशिक्षित नौजवान उपलब्ध होंगे और सशस्त्र सेनाओं में रोजगार के लिए युवाओं में आवश्यक कौशल का भी विकास होगा।”

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया कि सिंह ने “बड़े स्तर पर विस्तार की योजना” के लिए NCC के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वक्तव्य में कहा गया कि तटीय और सीमावर्ती क्षेत्रों में एक हजार से अधिक स्कूलों और कॉलेजों को चिह्नित किया गया है जहां NCC की शुरुआत की जाएगी। वक्तव्य के अनुसार 173 तटीय और सीमावर्ती जिलों से कुल एक लाख कैडेट एनसीसी में भर्ती किए जाएंगे जिनमें से एक तिहाई संख्या लड़कियों की होगी। मंत्रालय ने कहा कि विस्तार की योजना के तहत तटीय और सीमावर्ती क्षेत्रों में कैडेट को प्रशिक्षण देने के लिए एनसीसी की 83 इकाइयों (सेना की 53, नौसेना की 20, वायु सेना की 10) को अद्यतन किया जाएगा।

PunjabKesari

वक्तव्य में कहा गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित NCC की इकाइयों को प्रशासनिक सहायता देने का कार्य सेना करेगी। तटीय क्षेत्रों में यह कार्य नौसेना करेगी और वायु सेना स्टेशन के नजदीक स्थित NCC की इकाइयों की सहायत करने का जिम्मा वायु सेना पर होगा। मंत्रालय ने कहा कि NCC के विस्तार को राज्य सरकारों की सहायता से क्रियान्वित किया जाएगा।