‘ईडी, CBI, NIA के बाद न्यायिक अधिकारी और अब CRPF…’, ममता के बयान पर भड़की BJP, TMC को बताया ‘भड़काऊ भाईजान कमेटी’
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है. इस बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक चुनावी सभा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या से सीआरपीएफ के 200 ट्रक आप पर हमला करने के लिए पश्चिम बंगाल आ रहे हैं. ममता बनर्जी के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) भड़क गई है. भाजपा ने कहा कि ममता बनर्जी केंद्रीय जांच एजेंसियों, न्यायिक अधिकारियों के बाद अब केंद्रीय सुरक्षा बलों के खिलाफ हेट स्पीच देकर हिंसा भड़काने की कोशिश कर रही हैं.
सिर्फ 15-20 का खेल हैः ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘आज मैंने सुना है कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या से सीआरपीएफ की 200 गाड़ियां आप पर हमला करने के लिए आ रही हैं, लेकिन आपको खबराने की जरूरत नहीं है. यह सिर्फ 15-20 दिन का खेल है. उसके बाद उन्हें असली खेल समझ आ जाएगा.’
ममता बनर्जी ने सुरक्षा बलों के खिलाफ दी हेट स्पीचः पूनावाला
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोमवार (6 अप्रैल, 2026) को एक बयान जारी कर कहा, ‘अब ये पूरी तरह से स्पष्ट हो चुका है कि ये TMC (तृणमूल कांग्रेस) नहीं, बल्कि BBC यानी भड़काऊ भाईजान कमेटी है. पहले मालदा में न्यायिक अधिकारियों के खिलाफ हिंसा और उन्हें बंधक बनाने की कोशिश और अब ममता बनर्जी केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के खिलाफ हेट स्पीच दे रही हैं. उन्होंने बंगाल के लोगों से कहा कि आप पर हमला करने के लिए सीआरपीएफ के 200 ट्रक आ रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘ममता बनर्जी ने इससे पहले कहा था कि राज्य में आने वाले CISF और CRPF जैसे सुरक्षा बलों पर बर्तन और घरेलू सामानों से हमला करना है. और यह सिर्फ एक बार नहीं है, पहले भी अनेकों बार संवैधानिक संस्थाओं पर, कानूनी संस्थाओं पर या सिक्योरिटी फोर्सेस पर हमला करने के लिए उकसाने का बयान दिया गया है.’
पहले भी कई बार हो चुके हमले, दिए गए भड़काऊ बयानः पूनावाला
पूनावाला ने कहा, ‘फिराद हकीम बोलते हैं कि चुनाव आयोग के हाथ-पैर तोड़ देते हैं, कल्याण बनर्जी कहते हैं उंगली काट देंगे, कोई कहता है आग लगा दो, जमीन में गाड़ दो. इसके अलावा, एसआईआर के दौरान बीएलओ पर हमले, SIR प्रक्रिया के खिलाफ भ्रांति फैलाने की कोशिश और भड़काऊ बयान देना, इसी वजह से मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हमला हुआ और अब ममता बनर्जी क्या चाहती हैं कि सीआरपीएफ पर भी हमला हो?’
उन्होंने कहा, ‘इससे पहले भी ईडी, सीबीआई, एनआईए और न्यायिक अधिकारियों पर हमले हो चुके हैं और अब सेंट्रल फोर्सेज पर हमला करवाने की तैयारी है. ऐसे इसलिए करवाया जा रहा है क्योंकि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस चुनाव हार रही हैं, तो किसी तरीके से राजनीतिक हिंसा को भड़काते रहिए, संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देते रहिए, उनका अपमान करते रहिए, उनके खिलाफ वैमनश्य फैलाते रहिए. यही बन चुका है TMC का BBC यानी भड़काऊ भाईजान कमेटी.’
TMC पर पहले भी सेना पर खड़े किए हैं सवालः पूनावाला
BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘आज जिस तरह से सेना को टारगेट किया जा रहा है. इससे पहले भी टीएमसी ने पुलवामा के समय पर भारतीय सेना और सुरक्षा बलों पर सवाल खड़े किए थे और आज भी हमारे सेना के जवानों के खिलाफ निशाना साधने का षड्यंत्र रचा जा रहा है. ऐसी बातों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी कई बार फटकार लगाई है, लेकिन टीएमसी बार-बार सिक्योरिटी फोर्सेस, आर्म्ड फोर्सेस से लेकर संवैधानिक संस्थाओं के लिए खतरा पैदा करने की कोशिश कर रही है.’
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
उन्होंने इस दौरान कांग्रेस और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. पूनावाला ने कहा, ‘राहुल गांधी का ये कैसा संविधान प्रेम है कि वो मालदा में न्यायिक अधिकारियों पर हमले, आरजीकर में हुई घटनाओं पर एक शब्द नहीं बोल पाए हैं. यहां तक कि संवैधानिक संस्थाओं से लेकर सीआरपीएफ पर हमले करने के बयानों पर भी उन्होंने चुप्पी साध रखी है.’
