Puch AI मामले में सीएम योगी के बयान के बाद अखिलेश यादव बोले- जो कंपनी 2025 में बनी और उसकी वेबसाइट…
उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस निवेश को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पोस्ट के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 मार्च को सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा था कि उत्तर प्रदेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ताकत को अपनाते हुए आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया था कि 25,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन के तहत राज्य में एआई पार्क, बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर ढांचा, एआई कॉमन्स और एआई यूनिवर्सिटी स्थापित किए जाने की योजना है. मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस पहल से शासन व्यवस्था मजबूत होगी, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए भविष्य के अवसर तैयार होंगे.
सीएम के बयान पर क्या बोले अखिलेश?
इसके बाद 24 मार्च मुख्यमंत्री ने एक और ट्वीट कर स्पष्ट किया कि इन्वेस्ट यूपी द्वारा किया गया समझौता ज्ञापन विस्तृत जांच-पड़ताल और परियोजना मूल्यांकन से पहले की प्रारंभिक प्रक्रिया होती है. उन्होंने कहा कि ऐसे समझौते राज्य सरकार पर बाध्यकारी नहीं होते. किसी भी तरह की सरकारी अनुमति, मंजूरी या लाइसेंस विस्तृत मूल्यांकन के बाद ही दिए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई संभावित निवेशक निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो उसका समझौता ज्ञापन स्वतः समाप्त कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पारदर्शी, जिम्मेदार और भविष्य केंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
वहीं यूपी के पूर्व सीएम और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने जितने भी समझौता ज्ञापन किए हैं, ज्यादातर में फर्जीवाड़ा है, क्योंकि जमीन पर कुछ नहीं आया. अगर जमीन पर आता तो औद्योगिक नीति, प्रोत्साहन या बजट प्रावधानों के तहत कुछ तो दिखाई देता. जिस कंपनी की आप बात कर रहे हैं वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कंपनी 2025 में बनी है. जिसकी वेबसाइट भी 2025 की है और 2026 में आकर उसने पच्चीस हजार करोड़ रुपये का समझौता ज्ञापन साइन किया है.’
