प्रशासन का एक्शन, अब तक 50 उपद्रवी गिरफ्तार, 100 से अधिक पर FIR दर्ज

प्रशासन का एक्शन, अब तक 50 उपद्रवी गिरफ्तार, 100 से अधिक पर FIR दर्ज

बहराइच: मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल में शामिल उपद्रवियों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रशासन ने 24 घंटों के भीतर 24 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 50 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

महाराजगंज और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पुलिस कर्मियों द्वारा बनाए गए वीडियो का इस्तेमाल उपद्रवियों की पहचान करने के लिए किया जा रहा है। लगातार छापेमारी की कार्रवाई के बाद उपद्रव करने वाले कई लोग फरार हो गए हैं।

मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव और हिंसा

हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार में प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक मकान से हुए पथराव के बाद रेहुआ मंसूर गांव निवासी 22 वर्षीय रामगोपाल मिश्र की हत्या से माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित भीड़ ने महाराजगंज बाजार में तोड़फोड़ और आगजनी की। इसके अलावा, शहर में स्टीलगंज तालाब के पास एक बाइक जला दी गई और अस्पताल चौराहे पर कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। काजीकटरा में भी आगजनी का प्रयास किया गया था।

इस दौरान, घंटों पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़पें होती रहीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसटीएफ चीफ को हाथ में पिस्टल लेकर खुद मैदान में उतरना पड़ा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

नव नियुक्त हरदी थानाध्यक्ष कमलशंकर चतुर्वेदी ने मंगलवार को आशिक रसूल, नमीमुद्दीन, मुहम्मद रईश, राजा बाबू और साकिब सहित 24 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। सोमवार को 26 लोगों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें भी एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया था।

जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और अब तक 50 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

रामगोपाल की हत्या के मामले में 10 लोगों की तलाश

मूर्ति विसर्जन के दौरान रामगोपाल मिश्र की हत्या के मामले में हरदी पुलिस ने 10 लोगों की तलाश जारी रखी है। पुलिस के अनुसार, महाराजगंज निवासी अब्दुल हमीद, रिंकू उर्फ सरफराज, फहीम, राजा उर्फ साहिर खान, और रेहुआ मंसूर निवासी ननकऊ और मारूफ अली को नामजद किया गया है। इसके अलावा, चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है, और उनकी तलाश की जा रही है।


विडियों समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *