बजरंग दल नेता की शिकायत का प्रशासन ने लिया संज्ञान
मंडलायुक्त ने मंडल रेल प्रबंधक अंबाला को जांच के लिए लिखा पत्र
देवबंद। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी द्वारा देशभर में रेलवे की भूमि पर अवैध कब्जों के संबंध में पीएम, गृह मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। मंडलायुक्त ने मंडल रेल प्रबंधक अंबाला को इस संबंध में जांच कर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।
विकास त्यागी ने बताया कि बीती 27 दिसंबर को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। जिसमें कहा गया था कि देश प्रदेश में रेलवे पटरियों, स्टेशनों व रेलवे की भूमि पर बड़े पैमाने पर कब्जे हो चुके हैं। कई जगहों पर तो पक्के भवन, मजार, दरगाह व मस्जिदें बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इन अवैध कब्जा करने वालों में बांग्लादेशी, रोहिंग्या व घुसपैठिये भी हो सकते हैं। जो सुरक्षा के खतरे के साथ-साथ राजस्व की भी बड़ी हानि है। पत्र में पूरे मामले की जांच कराकर रेलवे की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की गई थी। इस संबंध में मंडलायुक्त डा. रुपेश कुमार ने विकास त्यागी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंडल रेल प्रबंधक अंबाला को कार्रवाई के लिए लिखा है। जिसकी प्रतिलिपि रेल मंत्रालय के सचिव व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश को भी भेजी गई।

