स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर सख्त हुआ प्रशासन, 15 अप्रैल तक फिटनेस जांच अनिवार्य

स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर सख्त हुआ प्रशासन, 15 अप्रैल तक फिटनेस जांच अनिवार्य
  • सहारनपुर में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते जिलाधिकारी मनीष बंसल।

सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली वाहनों के लिए विकसित नए पोर्टल की जानकारी साझा की गई और सभी स्कूलों को इस पर तत्काल डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य अपने आवंटित आईडी के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर स्कूल में संचालित सभी वाहनों का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करें, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने 15 अप्रैल तक चलने वाले विशेष फिटनेस जांच अभियान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि इस अवधि में सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पूरी कर ली जाए। बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र और निर्धारित सुरक्षा मानकों के कोई भी वाहन सड़क पर संचालित नहीं होगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर प्रत्येक विद्यालय में स्कूली वाहन सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक एवं एआरटीओ प्रवर्तन एम.पी. सिंह ने पोर्टल के तकनीकी पहलुओं और प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन, स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply