कार्यकर्ताओं ने मनाया रालोद सुप्रीमो का जन्मदिन

- सहारनपुर में रालोद सुप्रीमो अजीत सिंह का जन्मदिन मनाते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. अजित सिंह का 82वां जन्मदिन केक काटकर धूमधाम से मनाया तथा एक दूसरे को मिठाई खिलाकर चौ. अजित सिंह के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। देहरादून चौक स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौ. अजित सिंह के जन्मदिन के अवसर पर एक सप्ताह तक चलो गांव की ओर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया तथा कार्यकर्ताओं से चौ. चरणसिंह व अजित सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह व चौ. अयूब सिंह ने कहा कि चौ. अजित सिंह ने हमेशा किसानों व मजदूरों की लड़ाई लड़ी है। सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने गन्ना मिलों की दूरी 25 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर की जिससे प्रदेश में अनेक चीनी मिलें स्थापित हुई जिनका किसानों को गन्ने का उचित दाम मिला। उन्होंने कहा कि 2019 में कांग्रेस शासनकाल में गन्ने के एफ एंड आरपी के कानून को निरस्त कराने के लिए किसानों के साथ मिलकर संसद का घेराव किया तथा काले कानून को निरस्त कराया। उन्होंने कहा कि पुराने भूमि अधिग्रहण कानून को निरस्त कराकर नए कानून बनाकर किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि रालोद चौ. अजित सिंह के नेतृत्व में एक बार पुन: विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल करेगी। इस दौरान हाजी सलीम कुरैशी, सतपाल कालड़ा, राव फरमान, फखरूल इस्लाम, मो. आसिफ, शौकीन राणा, राव अखलाक, सागर चौधरी, विशाल काम्बोज, महावीर सैनी एडवोकेट, वेदप्रकाश, संदीप कोरी आदि मौजूद रहे।