जयंत चौधरी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: सुखवीर

सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव सुखवीर सिंह गठीना ने कहा कि रालोद कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लें क्योंकि उत्तर प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। इसलिए रालोद कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम आदमी की समस्याएं सुनकर उनका समाधान कराने का काम करें।

राष्ट्रीय सचिव आज यहां हकीकत नगर स्थित पूर्व राज्यमंत्री चौ. नीरपाल सिंह के आवास पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए ताकि रालोद पूरे जिले में अपना परचम लहरा सके। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौ. यशवीर सिंह ने कहा कि एक बूथ 20 यूथ की तैयारी पूरी की जाए ताकि उत्तर प्रदेश में रालोद की सरकार बनाई जा सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को किसानों का उत्पीडऩ ही ले डूबेगा। बेरोजगार नौजवान विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहा है। इसलिए रालोद कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें। रालोद संकल्प समिति के सदस्य चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि किसानों के मसीहा चौ. अजित सिंह ने जो सपना देखा था अब उसे पूरा करने का समय आ गया है। प्रदेश में किसान, मजदूर, गरीब व मजलूम की सरकार बनने जा रही है। अब सरकार पूंजीपति नहीं बल्कि अन्नदाता किसान चलाएंगे।

प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, जिलाध्यक्ष राव कैसर व हमजा मसूद ने कहा कि जनता भी परेशान होकर परिवर्तन चाहती है और ऐसी सरकार बनाने को आतुर है जो उनकी बात आसानी से सुन सके तथा धर्म व जाति की बात छोडक़र उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएं। बैठक में मा. साहब सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष नौशाद खान, पूर्व चेयरमैन शाहजमा खान, चौ. अर्जुन सिंह, आरती शर्मा, साधना सिंह, शरणदास सोनकर, कमल सोनकर, शौकीन राणा, अयूब हसन, चौ. अरविंद मलिक, हरपाल वाल्मीकि, महावीर सैनी, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।