कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटें कार्यकर्ता: चौ. रूद्रसैन

- सहारनपुर के गुडम में सपा की बैठक में मौजूद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर राजनीतिज्ञ व पूर्व कैबिनेट मंत्री चौ. यशपाल सिंह की जयंती पर आगामी 10 अक्टूबर को कस्बा तीतरो में होने वाली समाजवादी पार्टी की रैली ऐतिहासिक होगी तथा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को पुन: सत्ता में लाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रैली को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन आज यहां मुजफ्फराबाद विकास खंड के गांव गुडम में राव शमून के आवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को कस्बा तीतरो में सपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री चौ. यशपाल सिंह की जन्म शताब्दी पर आयोजित होने वाली रैली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता रैली के आयोजन के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं क्योंकि शीघ्र ही विधानसभा चुनाव की तिथि की घोषणा होने वाली है। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि आगामी 10 अक्टूबर को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के जनपद आगमन पर होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी लोग अभी से जुट जाएं तथा अपने-अपने लोगों से सम्पर्क साधकर कार्यक्रम में भागेदारी करें।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बहुत महत्वपूर्ण है तथा सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव चुनाव के सम्बंध में दिशा-निर्देश जारी कर सकते हैं। इसलिए कार्यक्रम की तैयारियों में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम आयोजक राव शमून, जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, जिला उपाध्यक्ष संदीप उर्फ अच्छन यादव, संजय बहरामपुरा, राजेश सैनी, बडक़ला, चौ. मंसूर, कुलदीप यादव, हनीफ तेली सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।