सास व पत्नी को जलाने का आरोपी गिरफ्तार

सास व पत्नी को जलाने का आरोपी गिरफ्तार
  • सहारनपुर में जनकपुरी पुलिस द्वारा पकड़ा गया शातिर आरोपी।

सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्रांतर्गत कृष्णा धाम कालोनी में पत्नी के मायके में रहने से नाराज युवक ने अपनी पत्नी व उसकी मां को आग के हवाले कर दिया जिससे पत्नी गम्भीर रूप से झुलस गई। जबकि उसकी मां की जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक नगर अभिमन्यु मांगलिक ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना जनकपुरी क्षेत्रांतर्गत कृष्णा धाम कालोनी में पारिवारिक कलह को लेकर हुई घटना में 18 वर्षीय ऋतिका गम्भीर रूप से झुलस गई। जबकि उसकी मां 45 वर्षीय पायल उर्फ उमा उर्फ ज्ञानदेई पत्नी संदीा की जलकर मौत हो गई। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय नितिन पुत्र मुनेश निवासी गांव गोहरनी थाना आदर्श मंडी जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि घायल ऋतिका को उपचार के लिए हायर सैंटर रैफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार ऋतिका ने नितिन से अपनी मर्जी से शादी की थी। पिछले कुछ दिनों से ऋतिका अपनी मां के साथ रहने लगी थी परंतु नितिन ऋतिका को अपने साथ ले जाना चाहता था लेकिन ऋतिका की मां पायल इसके खिलाफ थी। पायल के बड़े भाई प्रीतम कुमार द्वारा थाना जनकपुरी में दी गई तहरीर में बताया कि नितिन ने उसकी बहन पायल व भांजी ऋतिका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी जिसमें ऋतिका गम्भीर रूप से घायल हो गई। जबकि पायल की मौत हो गई। बताया जाता है कि हादसे में ऋतिका भी 90 प्रतिशत जल गई है जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था परंतु गम्भीर हालत के चलते उसे हायर सैंटर रैफर कर दिया गया।