अभाविप पदाधिकारियों ने किया नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत

अभाविप पदाधिकारियों ने किया नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत
  • सहारनपुर में नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत करते अभाविप कार्यकर्ता।

सहारनपुर। जेवी जैन डिग्री कालेज की प्रबंध समिति ने अपने पद का दुरूपयोग कर प्रवेश प्रक्रिया में अनियमितताएं बरतने के आरोप में प्राचार्य डा. वकुल बंसल को निलम्बित कर दिया। उनके स्थान पर डा. हरिओम गुप्ता को प्राचार्य पद पर नियुक्त किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्राचार्य का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

गौरतलब है कि अभाविप कार्यकर्ता विगत काफी समय से एलएलबी प्रथम वर्ष 2022-23 में फर्जी प्रवेश करने के मामले में प्राचार्य डा. वकुल बंसल को निलम्बित करने की मांग कर रहे थे। अभाविप के प्रांत सह मंत्री वंदन कौशिक ने बताया कि जेवी जैन डिग्री कालेज में सत्र 2022-23 में एलएलबी प्रथम वर्ष में 12 फर्जी प्रवेश हुए थे। उक्त प्रवेशों को अभाविप की मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर निरस्त कर दिया गया था परंतु उक्त प्ररकण में दोषी प्राचार्य के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई थी। प्राचार्य के निलम्बन की मांग को लेकर अभाविप ने कालेज में तीन दिन तक धरना भी दिया था जिसका समापन प्रबंध समिति द्वारा 14 दिन में फर्जी प्रवेश मामले की जांच कराने तथा प्राचार्य पर कार्यवाही के लिखित आश्वासन पर हुआ था।

जांच में स्पष्ट रूप से प्राचार्य डा. वकुल बंसल को अपने पद का दुरूपयोग कर फर्जी प्रवेश करने का दोषी पाया गया था जिसके आधार पर आज प्रबंध समिति द्वारा प्राचार्य को निलम्बित कर दिया गया। जिला संयोजक मोहित शर्मा, महानगर मंत्री ऋषभ त्यागी, विभाग संयोजक सूरज राणा ने कहा कि यह छात्र हित में अभाविप की बड़ी जीत है। यह सच की झूठ पर और न्याय की अन्याय पर, ईमानदारी की भ्रष्टाचार पर और छात्र शक्ति की तानाशाह पर जीत है। महानगर संगठन मंत्री दिवाकर बावरा ने कहा कि भविष्य में अभाविप निरंतर प्रत्येक महाविद्यालय में छात्रहित में संघर्ष करती रहेगी।


विडियों समाचार