अभाविप है विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन: ममता सिंह

- सहारनपुर में अभाविप उत्तराखंड की प्रांत अध्यक्ष ममता सिंह का स्वागत करती महिलाएं।
सहारनपुर [24CN]। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नवनियुक्त उत्तराखंड प्रांत अध्यक्ष डा. ममता सिंह ने कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है जो विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रवाद की भावना विकसित करने का काम करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश के नवनिर्माण में अपनी उल्लेखनीय भूमिका का निर्वहन करने का भी आह्वान किया।
डा. ममता सिंह आज यहां दिल्ली रोड स्थित शिवालिक विहार में आयोजित अपने स्वागत व सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि अभाविप राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ा एक ऐसा संगठन है जो छात्र-छात्राओं की समस्याओं का समाधान कराने के साथ ही उन्हें देश के विकास से जोडऩे का काम करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की ताकि मजबूत व जन हितैषी सरकार चुनी जा सके तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयास से देश में 135 करोड़ नागरिकों का कोरोना टीकाकरण कराया जा चुका है। उन्होंने लोगों से कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने का अनुरोध किया ताकि टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
कार्यक्रम संयोजक दुष्यंत कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छोटे से कस्बे से रामपुर मनिहारान में जन्मी डा. ममता सिंह को उत्तराखंड प्रांत का अध्यक्ष बनाकर महिला उत्थान की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने आशा जताई कि जिस उम्मीद व विश्वास के साथ उत्तराखंड की कमान किसी महिला को सौंपी गई है, डा. ममता सिंह उस पर खरा उतरने का काम करेंगी।
इससे पूर्व डा. ममता सिंह का सहारनपुर पहुंचने पर बुके भेंट कर व माल्यार्पण करके स्वागत किया गया। इस दौरान हिमांशु कुमार, दीपक कुमार, मानसिंह, मीना देवी, शीतल, अनु भारद्वाज, रेणु चौहान, कमला शर्मा, कमलेश देवी, आकांक्षा, शिखा देवी, मेघा चौधरी, राजबाला, सुधा धीमान, प्रणव कुमार, हिमानी, उषा अरोड़ा, अक्षी, अवनी, सलोनी, राधिका, मंजूलता सिंह आदि सहित सैंकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।