एलएलबी में फर्जी प्रवेश को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं ने किया कुलपति का घेराव

एलएलबी में फर्जी प्रवेश को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं ने किया कुलपति का घेराव
  • सहारनपुर में शाकम्भरी विश्वविद्यालय के कुलपति का घेराव करते अभाविप कार्यकर्ता।

सहारनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जेवी जैन कालेज प्रशासन द्वारा एलएलबी प्रथम वर्ष में भ्रष्टाचार के तहत बिना मेरिट के फर्जी प्रवेश करने का आरोप लगाते हुए मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच. एस. सिंह का घेराव किया तथा कुलपति के कार्यालय में भी बैठकर जमकर नारेबाजी कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुवांरका स्थित मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय पहुंचकर नारेबाजी के बीच कुलपति प्रो. एच. एस. सिंह का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की कुलपति के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। इस दौरान प्रांत सह मंत्री वंदन कौशिक ने आरोप लगाया कि जेवी जैन कालेज प्रशासन द्वारा एलएलबी प्रथम वर्ष में भ्रष्टाचार के तहत बिना मेरिट के फर्जी प्रवेश किए गए थे जिसकी जांच कराने के लिए अभाविप द्वारा पिछले तीन माह से विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की रही थी परंतु तीन माह में कुलपति द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।

छात्र नेता मोहित पंडित व महानगर मंत्री ऋषभ त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति से बार-बार मांग किए जाने के बाद जांच समिति का गठन किया गया किंतु जांच तय समय पर नहीं की गई। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ता तत्कालीन कार्यवाही किए जाने की मांग कर अड़ गए और कुलपति कक्ष में ही नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक दिन में कार्रवाई किए जाने के आश्वासन पर ही कार्यकर्ता बामुश्किल शांत हुए।

इस दौरान महानगर संगठन मंत्री दिवाकर बावरा, वरूण राय, विशाल चौधरी, आदित्य नारायण, चरण सैनी, प्रणव शर्मा, काका चेहड़ी, रजत पंवार, अभय शर्मा, गौरव राणा, प्रथम राणा, आदित्य सैनी, सन्नी कौशल, आशु कुमार, सौरभ, आदित्य शर्मा, अंकुश गुप्ता, शेखर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।